छतरगढ़. स्थानीय अनाज मंडी में क्रय विक्रय सहकारी समिति के तत्वावधान में चल रही मूंगफली के सरकारी खरीद केंद्र पर शुक्रवार को बारदाने के टोटे में खरीद का काम बंद हुआ। इस दौरान दूरदराज से फसल लेकर आए किसानों को दिनभर परेशान होना पड़ा। इस दौरान मण्डी में ट्रैक्टर ट्रॉली की लम्बी कतार देखी गई। किसानों का कहना है कि शुक्रवार को काश्तकारों को खरीद केंद्र द्वारा कोई टोकन जारी नहीं करने से भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खरीद केंद्र पर पिछले दो तीन दिन से अपनी बारी के इन्तजार में बैठे किसानों को तब निराश होना पड़ा।जब सरकार खरीद केंद्र से बरदाना खत्म होने से खरीद बंद करने की बात कही गई। गौरतलब है कि सरकारी खरीद केन्द्र पर पिछले कई दिनों से बारदाना, मजदूर, कम्प्यूटर कांटे लगाने सहित अन्य अव्यवस्था को लेकर किसानों द्वारा प्रशासन को कई बार अवगत करवाने के बावजूद इस ओर कोई ध्यान नही दिया गया। इससे क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है। किसान खरीद केंद्र पर अव्यवस्था को लेकर आंदोलन करने के मूड में है।
इनका कहना है
राजफैड के उच्च अधिकारियों को बरदाने की खत्म होने की सूचना से अवगत करवाया गया है। एक दो दिन में बारदाना पहुंचने की बात कही है।
रामधन यादव, व्यवस्थापक, सहकारी समिति, छतरगढ़
मूंगफली खरीद केन्द्र शुरू करने की मांग
सूडसर. मूंगफली की सरकारी खरीद फिर से शुरू करने के साथ ही लिखमीसर दिखनादा गांव में नया खरीद केंद्र स्वीकृत करने की मांग की गई है। इसको लेकर क्षेत्रीय विधायक किशनाराम नाई, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष धुडाराम डेलू ने राजफैड महाप्रबंधक वीणा प्रधान को पत्र भेजा है। पत्र में बताया कि लिखमीसर दिखनादा गांव में नया खरीद केन्द्र स्वीकृत होने से यहां आस-पास के दो दर्जन से अधिक गांवों के काश्तकारों को राहत मिलेगी।