19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कचरे पर फूटने लगे सिर, आमजन का टूट रहा धैर्य, करमीसर क्षेत्र में कचरा डालने गए श्रमिकों पर बरसे पत्थर

बीकानेर . शहरी क्षेत्र से संग्रहित कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने से अब सिर फूटने की स्थितियां बन गई है। वहीं गली-मोहल्लों से कॉलोनियों तक कचरे के लगे ढेर से परेशान आमजन का धैर्य अब जवाब देने लगा है। सोमवार को करमीसर क्षेत्र में कचरा डालने गए निगम से अनुबंधित फर्म के सफाई श्रमिकों को आमजन के विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति पत्थरबाजी तक पहुंच गई। आक्रोशित लोगों ने कचरा भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर पत्थर बरसाए। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में बैठे आधा दर्जन सफाई श्रमिकों के हल्की चोटे आई।

3 min read
Google source verification
Rainy stones on workers entering garbage in Karmisar area

कचरे पर फूटने लगे सिर, आमजन का टूट रहा धैर्य, करमीसर क्षेत्र में कचरा डालने गए श्रमिकों पर बरसे पत्थर

बीकानेर . शहरी क्षेत्र से संग्रहित कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने से अब सिर फूटने की स्थितियां बन गई है। वहीं गली-मोहल्लों से कॉलोनियों तक कचरे के लगे ढेर से परेशान आमजन का धैर्य अब जवाब देने लगा है। सोमवार को करमीसर क्षेत्र में कचरा डालने गए निगम से अनुबंधित फर्म के सफाई श्रमिकों को आमजन के विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति पत्थरबाजी तक पहुंच गई। आक्रोशित लोगों ने कचरा भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर पत्थर बरसाए। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में बैठे आधा दर्जन सफाई श्रमिकों के हल्की चोटे आई। लोगों का भारी विरोध देखते हुए कुछ सफाई श्रमिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को वहीं छोड़ भागने को मजबूर हो गए। इसी दौरान अनियंत्रित एक ट्रैक्टर करमीसर रोड स्थित विद्युत विभाग कार्यालय की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया। इससे हादसा होते-होते बचा। सफाई श्रमिकों पर पत्थरबाजी और उनके घायल होने से नाराज अनुबंधित फर्म ने शहरी क्षेत्र से कचरा संग्रहण कार्य बंद कर दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियां निगम भण्डार में खड़ी कर दी। फर्म श्रमिक पत्थरबाजी करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने की मांग पर अडे़ रहे, वहीं उस्ता बारी क्षेत्र में कचरे के ढेर व गंदगी से परेशान लोगों ने रास्ता जाम कर टायर फूंक विरोध प्रदर्शन किया।

ट्रैक्टर छोड़कर भागे, बचाई जान

निगम से अनुबंधित फर्म प्रबंधक शंकर चांडक के अनुसार निगम की ओर से कचरा निस्तारण की पुख्ता व्यवस्था नहीं करने से प्रतिदिन ट्रैक्टर ट्रॉलियों के सफाई श्रमिकों को आमजन के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को करमीसर क्षेत्र में कचरा डालने गए श्रमिकों को क्षेत्रवासियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पत्थरबाजी की। मौके पर श्रमिकों की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं था। श्रमिकों को जान बचाने के लिए ट्रैक्टर छोड़ भागना पड़ा। चांडक के अनुसार पत्थरबाजी में श्रमिक आशाराम के कमर, चुन्नीलाल के सिर, लक्ष्मणराम के हाथ पर तथा देवचन्द के पैर में चोट आई है। वहीं कुछ और श्रमिक भी है जिनके पत्थरबाजी में हल्की चोटे आई है।

महापौर की गाड़ी रोकी, किया घेराव

करमीसर में पत्थरबाजी और कुछ सफाई श्रमिकों के घायल होने से नाराज अनुबंधित फर्म के श्रमिकों ने निगम भण्डार में महापौर नारायण चौपड़ा का घेराव कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने तक कचरा नहीं उठाने की बात कही। इस दौरान सफाई श्रमिकों ने महापौर को खरी-खरी सुनाई। महापौर घटनाक्रम की जानकारी लिखित में चाह रहे थे, लेकिन सफाई श्रमिक इस बात पर अडे़ रहे कि निगम अपने स्तर पर एफआईआर दर्ज कराएं। महापौर की गाड़ी के आगे खड़े होकर श्रमिकों ने विरोध किया। महापौर की ओर से एफआईआर दर्ज करवाने की बात कहने के बात ही सफाई श्रमिक गाड़ी के आगे से हटे।

सड़ांध मार रहा शहर
एक ओर जहां निगम को कचरा डालने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है वहीं गली-मोहल्लों से लेकर बाजारों, कॉलोनियों में पूरे कचरे का उठाव नहीं हो रहा। इससे उठने वाली बदबू, गंदगी से लोग परेशान हो रहे है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। सड़कों पर कचरा फैल रहा है। निराश्रित पशु कचरे पर मंडरा रहे है। कचरे के ढेर में मृत पशुओं के होने से उनकी बदबू से लोग परेशान है। कई क्षेत्रों में कचरे के ढेर सडांध मार रहे है।

उस्ता बारी क्षेत्र में कचरे को लेकर टायर फूंके, रास्ता रोका

सोमवार को उस्ता बारी क्षेत्र में कचरे के ढेर, गंदगी तथा मृत पशुओं की बदबू से परेशान लोगों ने सड़क पर विरोध किया। करीब तीन घंटे रास्ता जामकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं टायर फूंककर महापौर, निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। क्षेत्रवासी मोनू सुथार के अनुसार क्षेत्र के पार्षद, निगम प्रशासन को सूचित करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। कचरे के साथ-साथ यहां मृत पशु डालने से लोगों का मार्ग से निकलना, आसपास के लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासी कचरे के ढेर की समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते रहे। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का विरोध जारी रहा। करीब दो घंटे बाद आए बुलडोजर को रोक दिया। थाना पुलिस, पार्षद राजा सेवग की समझाइश के बाद आक्रोशित लोग माने। तब जाकर कचरा सफाई कार्य शुरू हो सका।

एफआईआर होगी दर्ज

श्रमिकों पर पत्थरबाजी उचित नहीं है। मामले में कलक्टर, एसपी से बात हुइ है। एफआईआर दर्ज करने के लिए थाने में पत्र लिखा है। मंगलवार को दोनों स्थानों पर पुख्ता पुलिस जाब्ते के साथ कचरा डाला जाएगा।

- प्रदीप के गवांडे, आयुक्त नगर निगम, बीकानेर

कचरा संग्रहण कार्य रोका

करमीसर में पत्थरबाजी की घटना के विरोध में निगम से अनुबंधित फर्म ने कचरा संग्रहण कार्य रोक दिया है। जब तक निगम पत्थरबाजी करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं कराती है, कचरा निस्तारण स्थल पर पुलिस अधिकारी और बल तैनात नहीं किया जाता है तब तक कचरा संग्रहण का कार्य शुरू नहीं करेंगे। निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे से मुलाकात कर पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त के बाद ही काम शुरू करेंगे।
- शंकर चांडक, ठेकेदार


बड़ी खबरें

View All

बीकानेर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग