
डॉ. कल्ला समर्थकों में निराशा, गोपाल गहलोत के बगावती तेवर
बीकानेर. कांग्रेस की पहली सूची में बीकानेर पश्चिम से पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला का नाम नहीं पाकर उनके समर्थकों में निराशा छा गई। देर रात तक डागा चौक पर जुटे कल्ला समर्थकों को सूची का बेसब्री से इंतजार था। उधर, बीकानेर पूर्व से कांग्रेस टिकट के दावेदार गोपाल गहलोत को टिकट नहीं मिलने पर उनके बगावती तेवर देखने को मिले। गोपाल गहलोत ने नाराजगी जताते हुए कहा है कि अब वे विधानसभा क्षेत्र पूर्व और पश्चिम दोनों से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। गोपाल गहलोत वर्ष 2013 में पूर्व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस से चुनाव लड़े थे।
इस चुनाव में गहलोत बीजेपी की सिद्धि कुमारी से चुनाव हार गए थे। इस बार गोपाल गहलोत ने पूर्व विधासभा से ही फिर टिकट मांगा था। गौरतलब है कि पिछले दिनों पूर्व विधानसभा क्षेत्र से नोखा के कन्हैयालाल झंवर को टिकट मिलने की चर्चाओं को देखते हुए गहलोत समर्थकों ने गंगाशहर क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन भी किया था।
पांच बार विधायक रहे कल्ला से किनारा
बीकानेर से पांच बार विधायक रहे कांग्रेस के कद्दावर नेता डॉ. बुलाकी दास कल्ला के लगातार दो बार विधानसभा चुनाव हारने के बाद इस बार पार्टी ने किनारा कर लिया। उनकी जगह जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। डॉ. कल्ला बीकानेर शहर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष १९८०, १९८५, १९९०, १९९८ और २००३ में विधायक रहने के साथ कई विभागों में मंत्री भी रहे हैं। एक बार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर भी रह चुके है। बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की आेर से डॉ. बुलाकी दास कल्ला और राज कुमार किराडू का नाम सुर्खियों में रहा।
Published on:
16 Nov 2018 08:07 am
