
8 हैक्टेयर में लहलहाए बेर के झाड़, 115 किस्मों पर चल रहा शोध
करीब 8 हैक्टेयर लहलहाते बेर के झाड़... कोई देखे तो अचंभित हो जाता है। खूबसूरत से दिखते यह झाड़ हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यह नजारा है केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान का। यहां पर बेर की 115 अलग-अलग किस्मों पर कृषि वैज्ञानिकों की ओर से शोध कार्य किया जा रहा है। खास बात यह है कि इसकी कई किस्मों पर सफल शोध कार्य भी हो चुका है। यहां पर तैयार होने वाली अलग-अलग बेरों की किस्मों की मांग बीकानेर सहित प्रदेश में अन्य जगहों पर भी बनी रहती है। जानकारों के अनुसार यह पूरा क्षेत्र वर्षा आधारित पानी से पनपा है। इसके अलावा खारे पानी से भी इसकी खेती होती है। शुष्क बागवानी संस्थान में शोध के बाद कई काश्तकारों को इसको लेकर प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में लगे इन बेर के पेड़ों को देखने भी लोग यहां आते रहते हैं।
दो हजार से अधिक पेड़
संस्थान में करीब 8 हैक्टेयर में बेर की अलग-अलग किस्मों पर रिसर्च कार्य चल रहा है। इस क्षेत्र में दो हजार से अधिक पेड़ रिसर्च के लिए लगे हुए हैं। इस दौरान बेर की 115 किस्मों पर कृषि वैज्ञानिकों की ओर से शोध कार्य किए जा रहे हैं। संस्था से जुड़े वैज्ञानिकों के अनुसार एक पेड़ में करीब 1 क्विंटल तक बेर लग रहे हैं। इनकी नीलामी भी की जाती है। बिक्री के लिए स्टाल भी लगा रखे हैं, जहां 40 से 50 रुपए प्रति किलो तक इसकी बिक्री होती है।
यह है खासियत
संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, इसकी खेती करना काफी लाभदायक होता है। बेर खेती वर्षा आधारित और खारे पानी से भी हो सकती है। साथ ही कम श्रम कम लागत और उत्पादन अधिक होता है। बेर की खेती सभी प्रकार की मिट्टी में की जा सकती है। किन्तु बलुई दोमट भूमि (जिसमें जीवांश की मात्रा अधिक हो) इसकी खेती के लिए उपयुक्त रहती है।
यह किस्में मुख्य
बेर की करीब 200 नामित किस्में हैं, जिनका नाम मुख्य रूप से नाम गुणवत्ता के अनुसार रखा गया है। इनमें गोला, मुन्डिया, ईलायची, थारभुवराज, गोमाकीर्ति, छुआरा, सानौर-5, थारसेविका, काठाफल, बनारसी पेबन्दी, बनारसी कडाका, सेब, रश्मि, उमरान, कैथली, थार मालती, नरमा, जेडजी-3 एजोगिया, किशमिश, सफेदा रोहतक, काजरी गोला, ककरोला गोला, अखरोटा सहित अन्य शामिल हैं।
सबसे लोकप्रिय किस्म गोला
प्रधान वैज्ञानिक दीपक सरोलिया ने बताया कि गोला एक अगेती किस्म है, जिसके फल जनवरी के मध्य तक पक कर तैयार हो जाते हैं। यह आकार में गोल, गूदेदार, रसीले तथा 20-25 ग्राम वजन के होते हैं। फलों में घुलनशील ठोस 20 फीसदी एवं गूदा तथा गुठली का अनुपात 14 प्रतिशत होता है। वर्षा पर आधारित क्षेत्रों में गोला बेर के एक पौधे से 40-60 किलो तथा सिंचित क्षेत्रों में 100-150 किलो तक फल उपज प्राप्त होती है।
राजस्थान में यह उन्नत किस्में
अगेती किस्में - गोला, थार सेविका, थार भुवराज
मध्यम-थाई, सेव, मुंडिया, जोगिया
पछेती- काठा, उमरान, इलायची, गोमा, कीर्ति
Published on:
10 Feb 2024 06:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
