
पुराने कुआं ढहने से मिट्टी में दबा व्यक्ति, दो घंटे की मशक्कत के बाद सकुशल निकाला
लूणकरनसर. (बीकानेर). तहसील क्षेत्र में कंवरसेन लिफ्ट नहर के चक एक बीएचएम में मंगलवार दोपहर पुराने कुएं की खुदाई करते वक्त ढहने से एक व्यक्ति मिट्टी के नीचे दब गया। गनीमत रही कि मिट्टी में दबे व्यक्ति के गर्दन से करीब दो-तीन फीट ऊपर तक रेत से ढकने के बाद ग्रामीणों द्वारा तत्परता दिखाने से जान बच गई। करीब दो घण्टे की मशक्कत के बाद व्यक्ति सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
सीआइ ईश्वरानंद ने बताया कि नाथवाणा पटवार हल्का के चक एक बीएचएम में लूणकरनसर के वार्ड ३४ निवासी रामफल श्योराण के खेत में पुराना कुआं ढहने से नकारा हालत में था तथा कुआं ढहने से इसके तल में पानी निकालने की एक मोटर दब गई थी। इसके बाद रामफल ने ढहे कुएं की दुबारा खुदाई करवाने व मोटर को निकालने के लिए लूणकरनसर के वार्ड ३२ निवासी लालचंद नायक (३८) पुत्र हजारीराम नायक को १५ हजार रुपए में ठेका दिया था।
मंगलवार को लालचंद नायक समेत चार जने कुएं की ३-४ दिन से खुदाई कर रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पुराना कुआं भरभरा कर फिर से ढह गया तथा कुएं के अंदर खुदाई कर रहा लालचंद गर्दन से ऊपर तक मिट्टी में दब गया।
इस दौरान खुदाई में मदद कर रहे अन्य चार लोगों ने आस-पास की ढाणियों में ग्रामीणों को बुलाया तथा ग्रामीणों ने लालचंद के भाई गिरधारी नायक को कुएं में उतार कर दो-तीन फीट तक मिट्टी दूर कर गर्दन को बाहर निकाल लिया। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मिट्टी की खुदाई कर करीब दो घण्टे बाद व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से लूणकरनसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती करवाया गया तथा इसके स्वास्थ्य में सुधार बताया गया।
खेत मालिक के खिलाफ ग्रामीणों में रोष
पुराने ढहे कुएं की खुदाई व मोटर निकलवाने के मामले में मौजूद लोगों ने खेत मालिक रामफल के प्रति रोष जताया तथा पुलिस व प्रशासन से कार्रवाई की मांग उठाई। कपूरीसर सरपंच मुरलीधर सारस्वत, किसान नेता धर्मवीर गोदारा व तोलाराम गोदारा ने बताया कि खेत मालिक ने लालच में ढहे कुएं की दुबारा खुदाई करवाने व मोटर निकालने का ठेका दे दिया। इसके बाद कुएं की खुदाई में लगे मजदूरों को दो दिन बाद फिर से ढहने का अंदेशा हुआ तथा खेत मालिक को खुदाई नहीं होने बात कही। इसके बाद खेत मालिक द्वारा पूरी खुदाई करने व मोटर निकालने के बाद मजदूरी नहीं देने बात कही। इससे खुदाई के वक्त हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस ने कुएं से दुबारा हादसा नहीं हो, इसके लिए जेसीबी से मिट्टी डलवा कर पाट दिया गया।
Published on:
24 Jul 2019 06:06 am
