7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सड़क किनारे व दुकानों के आगे कब्जा, बाजार में रोजाना लग रहा जाम

मुख्य बाजार से निकल रहे राज्य राजमार्ग के किनारों पर रेहड़ी वालों ने कब्जा जमाना शुरू कर दिया

2 min read
Google source verification

बज्जू के मुख्य बाजार में बढ़ते अतिक्रमण से लगा स्टेट हाइवे पर जाम।

प्रशासन मौन, वाहन चालक व राहगीर हो रहे परेशान

बज्जू. कस्बे में दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों की मनमानी से आमजन परेशान होने लगे हैं। यहां मुख्य बाजार से निकल रहे राज्य राजमार्ग के किनारों पर रेहड़ी वालों ने कब्जा जमाना शुरू कर दिया है। वहीं दुकानदारों ने दुकानों के आगे सामान रखकर कब्जा करना शुरू कर दिया है, जिससे आमजन के चलने व वाहन खड़ा करने की जगह नहीं बच रही है और रोजाना जाम लग रहा है।

ग्रामीण हो रहे परेशान

कस्बे में दुकानों के आगे सड़क किनारे अतिक्रमण से विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है। गांव से खरीदारी करने आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने की जगह नहीं मिल रही है, जिससे वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है और जाम लग जाता है। यहां राजकीय अस्पताल, जम्भेश्वर मंदिर, मिठड़िया चौराहा, हनुमानजी मंदिर, सुनारों की गली चौराहा, लालूजी कटला के आसपास, एसबीआई शाखा सहित जगह जगह दुकानों के आगे अतिक्रमण व रेहड़ी वालों के खड़े रहने से कई बार जाम लगने से एम्बुलेंस भी जाम में फंस जाती है।

नया बस स्टैंड खाली

प्रशासन ने पिछले वर्ष बाजार में अतिक्रमण हटाने के बाद रेहड़ी संचालकों व खोखा संचालकों के लिए पुलिस थाने से आगे नया बस स्टैंड बनाया। जहां ग्राम पंचायत की ओर से पानी, बिजली, छांया, बसों को खड़े रहने के लिए जगह तैयार की थी, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के चलते धीरे धीरे बस स्टैंड खाली होने लगा है और खोखा व रेहड़ी वाले बाजार का रुख करने लगे है, जिससे बसें भी बाजार तक आने लगी है। आरोप है कि दुकानदार अपनी दुकानों के आगे रेहड़ी वालों से किराया लेकर खड़ा करवा रहे हैं।

पिछले वर्ष मिली थी राहत

कस्बे से निकल रहे राज्य राजमार्ग पर अतिक्रमण हटाने को लेकर पूर्व में तत्कालाीन संभागीय आयुक्त नीरज के पवन ने प्रशासन के माध्यम से कार्रवाई शुरू करवाई थी। इसके बाद दुकानों के आगे से टिन शेड, सीढ़ियां, पानी की टंकी, चौकी, दुकान के आगे रखा सामान तक हटवा दिया था और बाजार अतिक्रमण मुक्त हो गया था। जैसे ही संभागीय आयुक्त का तबादला हुआ, वैसे ही दुकानों के आगे व सड़क किनारे अतिक्रमण शुरू कर दिया।