
तैनाती वाले स्वास्थ्य केंद्रों पर ही इस बार मनेगी डॉक्टरों की दीपावली
बीकानेर. इस बार दीपावली पर काेरोना का साया हटने के बाद हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाया जा रहा है। दीपावली पर आतिशबाजी भी खूब होने का अनुमान है। बाजारों में अभी से भीड़-भाड़ बढ़ गई है। इसे देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने दिवाली से चार दिन पहले ही स्वास्थ्य केन्द्रों पर विशेष व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चिकित्सकों तथा नर्सिंग कार्मिकों के सभी तरह के अवकाश पर रोक लगा दी है। आमतौर पर दिवाली पर तीन दिन तक ही विशेष चिकित्सा व्यवस्था की जाती है, लेकिन इस बार विभाग ने चार दिन पहले अर्थात 21 अक्टूबर से ही सभी जिला अस्पताल एवं स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों की विशेष ड्यूटी लगाई है। जिन केन्द्रों पर एक चिकित्सक कार्यरत है, वहां पर नर्सिंग कर्मचारी की 24 घंटे ड्यूटी लगाई जाएगी। चिकित्सक को तैनाती के स्थान पर ही दीपावली मनाने को कहा गया है।
इन स्थानों पर रहेगी एंबुलेंस
जिले के 15 स्थानों पर 108 एंबुलेंस खड़ी रहने की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक कन्ट्रोल रूम, नयाशहर थाना, सदर थाना, जिला अस्पताल, सीएचसी गजनेर, कोलायत, देशनोक, नापासर. श्रीडूंगरगढ़, छतरगढ़, खाजूवाला, महाजन, लूणकरनसर, पीएचसी सेरुणा तथा जिला अस्पताल नोखा में 108 एंबुलेस तैनात रहेगी।
ऐसे रहेगी चिकित्सकों की ड्यूटी
दिवाली पर चिकित्सकों की ड्यूटी भी स्वास्थ्य केन्द्र के अनुसार तय की गई है। जिला अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों की 24 घंटे ड्यूटी रहेगी। जबकि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर जहां एक चिकित्सक है। वहां पर आउटडोर के समय तो चिकित्सक ड्यूटी पर तैनात रहेगा। इसके बाद ऑनकॉल रहेगा, जबकि नर्सिग कर्मियों को 24 घंटे तैनात रहना हाेगा।
विशेष अभियान 17 से शुरू होगा
दीपावली को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग शुद्ध के लिए युद्ध अभियान 17 अक्टूबर से शुरू करेगा, जो 21 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत विशेषकर दूध, पनीर, मावा तथा इससे बनी मिठाइयों के सैंपल लिए जाएंगे। अभियान का संचालन जिला स्तरीय प्रबंधन समिति द्वारा किया जाएगा।
Published on:
14 Oct 2022 01:42 am
