
बीकानेर. भगवान शिव की भक्ति-उपासना के मास सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में रूद्राभिषेक, पूजन के दौर चलेंगे। मंदिरों में अलसुबह से प्रारंभ होने वाला भगवान शिव के अभिषेक, पूजन, श्रृंगार, आरती का क्रम रात तक जारी रहेगा। इस दौरान शिवभक्त भोलेनाथ का जल, गंगाजल, दूध, दही, शर्करा, शहद, पंचामृत, घी, ईख रस, विजया सहित विभिन्न द्रव्यों से रूद्राभिषेक करेंगे। भगवान शिव का आक, धतूरा, विभिन्न प्रकार के पुष्पों से श्रृंगार किया जाएगा। सावन के सोमवार को लेकर अनेक शिवालयों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। सावन सोमवार पर बड़ी संख्या में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए मंदिरों में पुख्ता व्यवस्थाएं की गई है।
दूध, दही और पुष्प मालाओं की बिक्री
सावन सोमवार को लेकर रविवार को बाजारों में रौनक रही। सोमवार पर शिवालयों और घरों में होने वाले महादेव के अभिषेक-पूजन के लिए दूध, दही, पुष्प मालाएं, बिल्वपत्र, प्रसाद के लिए मिठाइयों आदि की बिक्री रात तक चलती रही। दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। वहीं पूजन सामग्री, इत्र, ऋतुफल इत्यादि की खरीदारी भी चलती रही।
पार्थिव शिवलिंग के चल रहे अनुष्ठान
सावन में शहर में जगह-जगह सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन व अभिषेक के अनुष्ठान चल रहे है। शिवभक्त प्रतिदिन मिट्टी से पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर उनका सामूहिक पूजन और अभिषेक कर रहे है। अनुष्ठान स्थलों पर भजन, कीर्तन, स्तुती गान और मंत्र जाप के आयोजन हो रहे है। अनुष्ठान स्थलों पर प्रतिदिन 4100 से अधिक पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन और अभिषेक का क्रम चल रहा है।
Published on:
28 Jul 2024 11:19 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
