
लूणकरनसर. केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दामों समेत बेलगाम महंगाई, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट का लागू करने, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार समेत स्थानीय मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस की ओर से जिला प्रमुख सुशीला सींवर के नेतृत्व में ट्रैक्टर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। रैली में ट्रैक्टर समेत विभिन्न वाहनों के साथ लोग शामिल हुए।
कस्बे की नई अनाज मण्डी के गणेशजी मन्दिर से शुरू हुई रैली विभिन्न मोहल्लों व बाजारों से होकर राजमार्ग-१५ से उपखण्ड कार्यालय पहुंची। यहां सभा को सम्बोधित करते हुए जिला प्रमुख सींवर ने कहा कि भाजपा राज में प्रदेश के किसान की दुर्दशा हो रही है। उन्होंने कहा कि अकाल की परिस्थिति तथा दिनोंदिन बेलगाम महंगाई से किसान तंगहाली के दौर से गुजर रहा है तथा कर्ज के तले दबने से आत्महत्या करने को विवश है। उन्होंने कहा कि किसान विरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का साथ दें।
इस मौके पर पूर्व प्रधान श्योदानाराम नायक, युवक कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, नापासर ब्लॉक अध्यक्ष कानाराम कूकणा, युवक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकृष्ण सींवर, खेलकूद प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष तेजाराम धतरवाल, रामनारायण ज्याणी, जिला परिषद सदस्य ओमप्रकाश तडऱ्, नौरंगदेसर सरपंच रामनिवास कूकणा, खिंयेरां सरपंच प्रियंका कुलडिय़ा, हनुमानगढ़ के जिला परिषद सदस्य गौरीशंकर थोरी आदि ने विचार रखे। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में मालासर सरपंच मोहनराम मेघवाल, गंगाराम सारण, मोहनराम मूण्ड, सहजरासर सरपंच नत्थीराम सींवर, हारूण खां बहलीम, शाहरूख खान, जफर शाह समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
रैली के बाद में जिला प्रमुख के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी कैलाशचन्द्र मीणा से मिले प्रतिनिधिमण्डल ने किसानों को पूरा सिंचाई पानी देने, गांवों में पेयजल की किल्लत से राहत दिलाने, बिजली की बढ़ी दरों को घटाने, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था सुधारने, ट्रोमा सेन्टर खोलने, अकाल राहत कार्य शुरू करने, एक्सप्रेस-वे में अवाप्त होने वाली भूमि का बाजार मूल्य पर मुआवजा दिलवाने समेत कई मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।