
बीकानेर में यह क्या बोल गईं वसुंधरा, निकाले जा रहे कई मायने
बीकानेर. पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सिंधिया ने रविवार सुबह देशनोक में करणी माता मंदिर में धोक लगाकर अगले साल होेने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद कर दिया। बीकानेर जिले के दो दिवसीय दौरे पर आईं राजे ने देशनोक में कहा कि यहां से शंखनाद कर दिया है कि आने वाला समय कैसा होगा। यह बात जयपुर तक जरूर पहुंचेगी। हालांकि, वसुंधरा के इस कथन के कई सियासी मायने भी तलाशे जा रहे हैं। गौरतलब है कि इस बार वसुंधरा के दौरे से संगठन ने हाथ खींच रखे थे। साथ ही राजनीतिक हलकों में भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में वसुंधरा का यह कहना कि समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता। उतार- चढ़ाव सबके जीवन में आते हैं। कष्ट के चार साल अब निकल चुके हैं। मेरी जिंदगी में कोई भी काम आसानी से नहीं हुआ। हर काम के लिए मेहनत और संघर्ष करना पड़ा है। इन लाइनों के ढेर सारे मायने निकाले जा रहे हैं। वसुंधरा ने मुकाम और बीकानेर में भी सभाओं को संबोधित किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर हमला बोला, साथ ही बीकानेर की सभा में भाजपा और पीएम नरेन्द्र मोदी को मजबूत करने का आह्वान किया।
कांग्रेस में कुर्सी की लड़ाई
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने चार साल पहले अशोक गहलोत को सत्ता सौंपी। उन्होंने जनता के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस सत्ता पाने के बाद कुर्सी की लड़ाई में लग गई। जो विकास चल रहा था वह रुक गया। प्रदेश सरकार दो फाड़ है। एक गुट कुर्सी छोड़ना नहीं चाहता और दूसरा गुट कुर्सी हासिल करने पर अड़ा है।
सरकार बनाने की तैयारी करें
मुकाम में जाम्भोजी मंदिर में धोक लगाने के बाद पूर्व सीएम ने सभा को संबोधित किया। यहां नोखा विधायक बिहारीलाल बिश्नोई ने आगवानी की। शाम को बीकानेर की सभा में पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी भी रहे। यहां भीड़ देखकर उत्साहित पूर्व सीएम राजे ने कहा कि अब जनता बदलाव के लिए तैयार है। मोदी के हाथ मजबूत कर सरकार बनाने की तैयारी करें। सभा में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री युनूस खान, राजपाल सिंह शेखावत, श्रीगंगानगर सांसद निहालचंद, सांसद दुष्यंत सिंह, कर्नल सोना राम भी शामिल हुए।
Updated on:
10 Oct 2022 01:53 am
Published on:
10 Oct 2022 01:53 am
