गोसंरक्षण व जनसमस्याओं को लेकर कर्मचारी मैदान पर चल रहे कांग्रेस के धरने के दौरान बुधवार को महिलाओं ने पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की शपथ ली। कांग्रेस नेता गोपाल गहलोत ने महिलाओं को शपथ दिलाई। वहीं कांग्रेस का धरना 15वें दिन भी जारी रहा। इससे पहले धरने के समर्थन में बड़ी संख्या में महिलाएं रतन बिहारी पार्क से समान वेशभूषा में ढोल, डीजे की स्वर लहरियों के बीच कलक्ट्रेट पहुंची। उन्होंने कलक्ट्रेट का चक्कर लगाकर शहर कांग्रेस कमेटी के धरने का समर्थन किया।
महिलाओं ने गहलोत के नेतृत्व में कलक्टर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर गोसंरक्षण एवं जनसमस्याओं के निराकरण की मांग की। इस दौरान जनार्दन कल्ला, मकसूद अहमद, जिया उर रहमान आरिफ, गजेन्द्र सिंह सांखला, शशिकांत शर्मा, श्रीलाल व्यास, सुनीता गौड़, शशिकला राठौड़, राजू व्यास, नन्दू गहलोत, सहाबुद्दीन भुट्टा, नन्दलाल जावा, मनोज नायक सहित कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और शहरवासी उपस्थित रहे।
करेंगे आंदोलन
धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता गोपाल गहलोत ने कहा कि आगामी दिनों में आन्दोलन बीकानेर शहर के साथ प्रदेश और पंचायत स्तर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार एवं प्रशासन ने यदि मांगें नहीं मानी तो सभी के सहयोग से 15 फरवरी को बीकानेर बंद व प्रदर्शन किया जाएगा।
गोरक्षा के लिए उपवास
मुस्लिम समुदाय के लोग गोसंरक्षण व जनसमस्याओं को लेकर चल रहे धरने में उपवास रखेंगे। पूर्व महापौर मकसूद अहमद ने बताया कि धरने के दौरान दो फरवरी को समाज के ११ लोग सुबह से शाम तक उपवास रखेंगे। यह कार्यक्रम छह फरवरी तक चलेगा।