
Bilaspur Assault Case(photo-patrika)
Bilaspur Assault Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कॉलोनी के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद लड़ाई झगडे में बदल गया। आरोप है कि कांग्रेस के पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय और उनके बेटे राहुल पाण्डेय ने एक बिल्डर के साथ मारपीट की। घटना में बिल्डर घायल हो गया, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोगों का कहना है की शिवम एन्कलेव अपार्टमेंट और मिनोचा कॉलोनी के रहवासियों की रविवार को एक बैठक हुई थी।
बैठक में कॉलोनी के मुख्य रास्ते की खराब स्थिति, साफ-सफाई और बारिश से पहले मरम्मत कराने को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद रहवासी कॉलोनी गेट के पास पहुंचे, जहां रास्ते को व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय और उनके बेटे राहुल पाण्डेय भी वहां पहुंच गए। दोनों ने कथित तौर पर रास्ते पर किए जा रहे कार्य का विरोध शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कॉलोनी के लोग अपनी समस्या और जरूरत समझाने की कोशिश कर रहे थे। रहवासियों का कहना था कि बारिश के मौसम से पहले रास्ते की मरम्मत जरूरी है, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। आरोप है कि बातचीत के दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
शिकायतकर्ता और बिल्डर अमित शर्मा ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान राहुल पाण्डेय ने पहले गाली-गलौज की। इसके बाद उन्हें धक्का देकर गिरा दिया गया। आरोप है कि उनका पैर खींचकर जमीन पर गिराया गया और फिर दोनों ने मिलकर मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान पत्थर से उनके सिर और दाहिने कंधे पर वार किया गया। घटना में उनका चश्मा भी टूट गया और उन्हें चोटें आई हैं।
अमित शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा है कि मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में कॉलोनी के लोग मौजूद थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रहवासियों का कहना है कि इस घटना से कॉलोनी में भय और तनाव का माहौल पैदा हो गया है।
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विवाद और मारपीट का घटनाक्रम दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस अब वीडियो फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
घटना के बाद घायल बिल्डर अमित शर्मा ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय और उनके बेटे राहुल पाण्डेय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व महापौर और उनके बेटे का नाम सामने आने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोग इसे एक सामान्य रास्ते के विवाद का अनावश्यक रूप से हिंसक हो जाना बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
Updated on:
01 Jun 2026 05:33 pm
Published on:
01 Jun 2026 05:28 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
