
Student Attack Case(photo-patrika)
Student Attack Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर स्थित भवानी ढाबा के बाहर देर रात तीन छात्रों पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। मामूली विवाद के बाद बदमाशों ने छात्रों पर चाकू, पाइप, बेल्ट और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों पर सोने की चैन लूटने और मोबाइल फोन तोड़ने का भी आरोप लगा है। घटना के बाद सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुमित यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना 24 मई की देर रात की है। शिकायतकर्ता छात्र हर्ष पटेल अपने दोस्तों आदित्य मुदलियार और आदित्य साहू के साथ जोंकी और लोखंडी के बीच स्थित भवानी ढाबा में खाना खाने गया था। बताया जा रहा है कि तीनों छात्र खाना खाकर लौट रहे थे, तभी वहां मौजूद कुछ युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी सुमित यादव ने अपने छह से सात साथियों के साथ मिलकर छात्रों पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने धारदार चाकू, पाइप, बेल्ट और पत्थरों से छात्रों पर लगातार वार किए। हमले में तीनों युवकों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रों की सोने की चैन लूटकर और मोबाइल फोन तोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस हरकत में आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी विजय चौधरी की टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सुमित यादव को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने मामले में लापरवाही बरतने वाले ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वाले दो अन्य लोगों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Updated on:
27 May 2026 01:37 pm
Published on:
27 May 2026 01:35 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
