
CG Election 2023: 8 निर्दलीय उम्मीदवारों ने लिया नाम वापस, अब जिले की 6 सीटों पर 108 प्रत्याशी...
बिलासपुर। CG Eection: राज्य में दूसरे चरण का विधानसभा चुनाव 17 नवंबर को होना है। इस मद्देनजर प्रत्याशियों की नाम वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को 8 निर्दलीय उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया। बिलासपुर और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र से नाम वापस लेने का खाता नहीं खुला। जबकि कोटा 3, बेलतरा 2, बिल्हा 2 और तखतपुर से 1 उम्मीदवार ने नाम वापस लिया। इस तरह अब जिले की आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में 108 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
पहली बार एक निर्दलीय प्रत्याशी दो विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव मैदान में...
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद अब तक हुए चार विधानसभा चुनावों में निर्दलीय प्रत्याशी एक ही विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करता आया है। संभवत: पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी निर्दलीय प्रत्याशी ने एक ही जिले की दो विधानसभाओं से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान पर है। कांग्रेस के बागी और पूर्व विधायक अरुण तिवारी बिलासपुर और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान पर हैं।
मस्तूरी विस में एक भी निर्दलीय प्रत्याशी नहीं...
जिले की सबसे ज्यादा मतदाता वाली मस्तूरी विधानसभा सीट से इस बार कुल 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सभी प्रत्याशी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक पार्टियों से जुड़े हैं। यहां से एक भी निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं है।
बिलासपुर व मस्तूरी विधानसभा से एक भी नाम वापसी नहीं
नाम वापसी के लिए पहुंचे निर्दलीय उम्मीदवार
विधानसभा निर्वाचन के लिए चुनाव आयोग द्वारा घोषित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित तिथि पर गुरुवार को 8 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया है। इनमें बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार विकास कुमार चतुर्वेदी व मनोज ठाकुर, कोटा विधानसभा क्षेत्र से जावेद खान, नेतराम साहू और रमेश यादव, बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से लवकुश कुमार साहू व जेठू साहू, तखतपुर विधानसभा क्षेत्र से श्याम मूरत कौशिक का नाम शामिल है। नाम वापसी के बाद अब जिले की आधा दर्जन विधानसभा बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी, कोटा, तखतपुर व बेलतरा से 108 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। इनमें बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से 21, बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से 23, बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से 22, कोटा विधानसभा क्षेत्र से 15, तखतपुर विधानसभा क्षेत्र से 14 और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र से 13 उम्मीदवार शामिल हैं। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह का आबंटन भी कर दिया गया है।
कोटा से हुई शुरुआत
गुरुवार को नाम वापसी की शुरुआत कोटा विधानसभा क्षेत्र से हुई। यहां से निर्देलीय उम्मीदवार जावेद खान ने नाम वापस लिया। इसके बाद तखतपुर से श्याम मूरत कौशिक ने नाम वापस लिया। इसके बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों से उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए।
मस्तूरी पहले और दूसरे नंबर पर बिलासपुर से जारी हुआ चुनाव चिन्ह
गुरुवार को नाम वापसी के दिन बिलासपुर और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के आरओ कक्ष में रिटर्निंग ऑफिसर नाम वापस लेने वालों का इंतजार करते रहे, लेकिन एक भी उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नहीं आया। सबसे पहले मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय और दूसरे नंबर पर बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया गया।
Published on:
03 Nov 2023 10:49 am
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
