
VIDEO : आदर्श आचार संहिता का यहां हो रहा है घोर उल्लंघन, कांग्रेसियों ने की शिकायत
बिलासपुर. श्रमिक किट से भरे दो मिनी ट्रक श्रम विभाग के कार्यालय में रुके। इसकी जानकारी मिलते ही कांग्रेसियों की शिकायत पर पुलिस पहुंच गई। एक मिनी ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि शिकायत की भनक लगते ही एक अन्य मिनी ट्रक को लेकर चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामले में धारा 102 के तहत कार्रवाई की है। कांग्रेसियों का कहना है कि मजदूर किट सत्ता पक्ष को चुनावी लाभ पहुंचाने के लिए लाए गए हैं। इसकी शिकायत कलेक्टर से की गई है। बुधवार दोपहर को दो मिनी ट्रक बृहस्पति बाजार स्थित श्रम विभाग के कार्यालय पहुंचे। दोनों मिनी ट्रक में एक-एक हजार किट भरे हुए थे। ये किट श्रमिकों को बांटने के लिए लाए गए थे। किसी ने कांग्रेसियों को सूचना दी कि आचार संहिता के बीच यहां मजदूर किट लाए गए हैं।
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शेख नजीरुद्दीन ने सिविल लाइन टीआई और एसडीएम को इसकी सूचना दी और कांग्रेसियों को लेकर श्रम विभाग का कार्यालय पहुंच गए। उनके पहुंचने से पहले ही एक मिनी ट्रक को लेकर चालक फरार हो गया था। थोड़ी देर में पुलिस और सेक्टर अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने मिनी ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और थाने लेकर गए। थाने में जिला निर्वाचन विभाग के सेक्टर अधिकारी द्वारा पूछताछ करने पर चालक ने बताया कि मजदूर किट को रायपुर के श्रम विभाग से भेजा गया है। उन्हें सिर्फ इतना कहा गया था कि इसे बिलासपुर के श्रम विभाग के कार्यालय में पहुंचा दें। पुलिस ने धारा 102 के तहत मिनी ट्रक और मजदूर किट को जब्त कर लिया है। पुलिस की मामूली कार्रवाई से कांग्रेसी नाराज हो गए थे वे एफआईआर कराने पर अड़े रहे। बताया जाता है किट में जूता, हेलमेट जैकेट सहित अन्य सामान थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी तक पहुंची शिकायत : पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता तीन बजे कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए साथ ही किसके कहने पर इस किट को लाया गया था, उसकी जांच करने की मांग की है। शिकायत करने वालों में नेता प्रतिपक्ष शेख नजीरुद्ीन , ब्लाक एक के अध्यक्ष तैय्यब हुसैन, जावेद मेमन, शिवा नायडू,पचराम सूर्यवंशी, पार्षद दीपांशु श्रीवास्तव, महेश दुबे, महिला शहर अध्यक्ष सीमा पांडे आदि उपस्थित थी।
आचार संहिता का उल्लंघन : चुनाव की घोषणा के बाद वितरण के लिए श्रमिक किट लाना आदर्श आचार संहिता का सीधा-सीधा उल्लंघन है। पुलिस ने मामले में मामूली कार्रवाई की है। भाजपा को चुनावी लाभ देने के लिए मजदूर किट मंगाए गए थे। पुलिस और प्रशासन को यह जांच करनी चाहिए कि किस नेता के कहने पर मजदूर किट लाए गए।
विजय केशरवानी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
Published on:
18 Oct 2018 01:11 pm
