18 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Crime News: नकाब-ग्लब्स पहनकर ‘प्रोफेशनल’ अंदाज में वारदात, सूने घरों से लाखों का माल पार, हाईकोर्ट कॉलोनी भी निशाने पर

Crime News: बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र और मोपका इलाके में इन दिनों एक प्रोफेशनल चोर गैंग का आतंक देखने को मिल रहा है। रात में नकाब और ग्लब्स पहनकर आए बदमाशों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए आधा दर्जन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया...

3 min read
Google source verification
नकाब-ग्लब्स पहनकर ‘प्रोफेशनल’ अंदाज में वारदात (फोटो सोर्स- Adobe Stock)

नकाब-ग्लब्स पहनकर ‘प्रोफेशनल’ अंदाज में वारदात (फोटो सोर्स- Adobe Stock)

Crime News: बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र और मोपका इलाके में इन दिनों एक प्रोफेशनल चोर गैंग का आतंक देखने को मिल रहा है। रात में नकाब और ग्लब्स पहनकर आए बदमाशों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए आधा दर्जन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि एक मकान में चोरी का प्रयास नाकाम रहा।

चोरों ने मकानों के दरवाजे और ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घरों में रखे जेवर, नकदी और बाइक समेत कई सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। चोरों की गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई हैं, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक देर रात इलाके में घूमते और एक घर में चोरी करते नजर आ रहे हैं।

चोरी के बाद दरवाजे को लॉक भी कर रहे चोर

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर बेहद प्रोफेशनल तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उनके हाथों में ग्लव्स हैं और चेहरों पर नकाब व मास्क लगा हुआ है। फुटेज में एक चोर घर का ताला और दरवाजा बड़ी सफाई से तोड़ता दिखाई देता है। इसके बाद कुछ ही मिनटों में घर के अंदर घुसकर सामान खंगाल लिया जाता है। इतना ही नहीं, जाते समय बदमाश दरवाजे को दोबारा लॉक कर देते हैं ताकि किसी को तुरंत शक न हो।

घर का ताला तोड़कर जेवर और नकदी पार

चिल्हाटी स्थित विवेकानंद रेसिडेंसी में रहने वाली विंदा धुरी ने बताया कि 3 मार्च को उनकी सास की मृत्यु होने पर वह अपने गांव बोदरी चली गई थीं। 15 मार्च को पड़ोसी घनश्याम यादव ने फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। घर लौटकर देखा तो मुख्य दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ था और अलमारी में रखे चांदी के पायल, अंगूठी, बिछिया और करीब 5 हजार रुपये नकद गायब थे।

मकान में घुसा चोर, लोगों को देखकर भागा

मोपका के विवेकानंद नगर फेस-2 में भी चोरी का प्रयास हुआ। ओमप्रकाश धिलहरे ने बताया कि उनके साढ़ू भाई पुन्नीलाल टंडन का घर लंबे समय से बंद था। 14 मार्च की रात पड़ोसी चंदू साहू ने फोन कर घर के अंदर से तोड़फोड़ की आवाज आने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर से एक युवक बोरी में सामान लेकर भागता दिखाई दिया। जांच में करीब 10 नल की टोटियां चोरी होना पाया गया।

हाईकोर्ट आवासीय परिसर में भी इसी अंदाज में चोरी

पुलिस को आशंका है कि यही गिरोह कुछ महीने पहले चकरभाठा स्थित हाईकोर्ट आवासीय परिसर में हुई सिलसिलेवार चोरियों में भी शामिल रहा है। इसके अलावा सिविल लाइन क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदातें सामने आ चुकी हैं। जानकारी यह भी सामने आई है कि इस गिरोह ने एक दिन पहले राजनांदगांव जिले में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था और इसके बाद बिलासपुर के सरकंडा-मोपका क्षेत्र में वारदात की।

बाइक चोरी की भी कई वारदातें

इसी इलाके में बाइक चोरी की भी कई घटनाएं सामने आई हैं। अरपा विहार कॉलोनी मोपका में रहने वाले शिक्षक आशीष बंधे ने बताया कि उन्होंने अपनी होंडा शाइन बाइक घर के पोर्च में खड़ी की थी और परिवार के साथ पामगढ़ चले गए थे। लौटने पर देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ है और बाइक गायब है।

वहीं, सरकंडा के तुलसी पैलेस के पीछे रहने वाले अतिथि व्याख्याता विकास जोशी की हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर बाइक भी घर के पोर्च से चोरी हो गई। इसके अलावा बहतराई में शादी समारोह में आए मोहन कुमार वर्मा की बजाज पल्सर बाइक भी रात करीब 2 बजे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

एसएसपी पहुंचे मौके पर, पुलिस ने संदेहियों की धरपकड़ तेज की

सरकंडा-मोपका क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस दौरान सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या, एससीसीयू प्रभारी तोपसिंह नवरंग समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। फिलहाल सरकंडा थाना और मोपका चौकी पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है। इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है। कुछ संदेेहियों को पकड़कर पूछताछ भी की जा रही है।