
डायरिया के मरीज (Photo source- Patrika)
Health News: बिलासपुर जिले में झमाझम बारिश होने से एक ओर जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर मौसमी बीमारी की जकड़ में भी लोग आने लगे हैं। इसमें सबसे ज्यादा डायरिया के मरीज सामने आ रहे हैं।
पिछले महीने शहर के ठेठा डबरी इलाके में थोक में इसके मरीज मिले थे, वहां स्थिति संभलने के बाद इसका सबसे ज्यादा प्रभाव रतनपुर क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। जहां 10 दिन के अंदर 70 से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। दूसरी ओर शहर के चांटीडीह, राजकिशोर नगर, मंगला इलाके में भी डायरिया के मरीज मिलने शुरू हो गए हैं। यही वजह है कि जिला अस्पताल, सिम्स में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है।
शहर के ठेठा डबरी इलाके में पिछले महीने डायरिया के 70 से ज्यादा मरीज मिले थे। वहां स्थिति संभलने के बाद अब रतनपुर क्षेत्र में इसके मरीज मिलने लगे हैं। पिछले 10 दिन में 70 से ज्यादा डायरिया के मरीज स्थानीय अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंच चुके हैं। इसके ज्यादातर मरीज गिरजावन और नवागांव के हैं।
रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौसमी बीमारी के मरीजों की लगातार भीड़ उमड़ रही है। इधर शहर में एक बार फिर से चांटीडीह, राजकिशोर नगर, मंगला सहित अन्य इलाकों डायरिया से लोग पीड़ित हो रहे हैं। सिम्स व जिला अस्पताल में रोजाना इसके 10 से ज्यादा मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
डॉक्टरों के अनुसार बरसात के मौसम में साफ-सफाई को लेकर थोड़ी भी लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है। दूषित पानी पीने से संक्रमण फैला है। लिहाजा इन दिनों पानी की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देकर डायरिया जैसी बीमारी से बचा जा सकता है।
बारिश में निकलने से पहले छाता या रेन कोट का इस्तेमाल करें
उबला हुआ या फिल्टर किया हुआ पानी ही पीएं
ताजा भोजन करें
हल्का, सुपाच्य भोजन करें
खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों से परहेज करें।
Updated on:
7 Jul 2025, 6:48 PM IST
Published on:
7 Jul 2025, 6:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.