
Toll-free number issued to resolve gas supply issues in MP- demo pic
Illegal LPG Storage: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कलेक्टर की सख्त चेतावनी के बावजूद शहर में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और ब्लैकमार्केटिंग का मामला सामने आया है। शहर से लगे कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र में किचन केयर और किराना स्टोर में छापेमारी कर प्रशासन ने 126 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जांच के दौरान मौके से गैस निकालने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। मामले में संबंधित संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम लगातार दूसरे दिन शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही है। इससे पहले बुधवार को हुई कार्रवाई में 72 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे। लगातार दूसरे दिन की छापेमारी में 126 सिलेंडर मिलने से प्रशासन ने जांच और सख्त कर दी है।
जिला प्रशासन और गैस वितरकों का दावा है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी स्थिति अलग नजर आ रही है। एजेंसियों में पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग कराने के लिए कहा जा रहा है, जबकि कई लोगों का कहना है कि गैस कंपनियों के टोल फ्री नंबर पर कॉल ही नहीं लग रहा।
तकनीकी दिक्कतों के कारण गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसियों में गैस लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि सर्वर डाउन होने के कारण न तो ऑनलाइन बुकिंग हो पा रही है और न ही ओटीपी जनरेट हो रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
Updated on:
13 Mar 2026 12:17 pm
Published on:
13 Mar 2026 12:13 pm
