बिलासपुर. जरहाभाठा सिंधी कॉलोनी में 4 अगस्त को खाईवाल की हत्या करने के बाद आरोपी रतनपुर महामाया मंदिर के धर्मशाला में छिपे हुए थे। 9 अगस्त को 6 में से 4 आरोपियों ने रायपुर में सरेंडर कर दिया। पूछताछ में एक आरोपी ने पुलिस के सामने ये खुलासा किया है। आरोपी को लेकर पुलिस पिस्तौल और तलवार बरामद करने शुक्रवार को रतनपुर के धर्मशाला पहुंची। दिनभर की मशक्कत के बाद भी हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल शाम तक नहीं मिली। 4 अगस्त को रात साढ़े 10 बजे गोड़पारा निवासी अमित उर्फ पुच्ची पिता अशोक नंदवानी (26) की सिंधी कॉलोनी में हत्या कर दी गई थी। मृतक 4 अगस्त को ही जेल से जमानत पर छूटा था। अमित को उसके पुराने साथी व सिंधी कॉलोनी निवासी सूरज करतारी, सुनील तलरेजा, सन्नी थारवानी, उसके भाई विशाल, सागर और लखन ढीमर ने मिलने के लिए सिंधी कॉलोनी बुलवाया था। वहां सूरज और उसके 5 साथी पहले से मौजूद थे। अमित अपने साथी अकाश अधीजा के साथ सिंधी कॉलोनी पहुंचा, जहां पुराने लेनदेन की बात पर सूरज और उसके साथियों से विवाद हुआ। सूरज और उसके साथियों ने मिलकर तलवार से अमित पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। आरोपियों को पकडऩे पुलिस टीम दूसरे प्रदेशों में भेजी गई थी। 6 दिनों तक खाक छानने के बाद पुलिस बैरंग लौट आई। इधर 9 अगस्त को 6 आरोपियों में से 4 ने रायपुर में सरेंडर कर दिया था। बिलासपुर पुलिस आरोपियों को रायपुर से गुरुवार को लेकर यहां लौटी।
2 आरोपी फरार : आरोपी सूरज करतारी, सुनील तलरेजा, सन्नी थारवानी, लखन ढीमर ने घटना के छठवें दिन 9 अगस्त को रायपुर में सरेंडर कर दिया था। वहीं सागर थारवानी और विशाल थारवानी का सुराग नहीं मिला है।