
जमीन विवाद में दो पक्ष भिड़े: Land Dispute Clash: (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Gourela Violent Clash News:छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गौरेला थाना क्षेत्र के सधवानी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल गौरेला में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सधवानी गांव में श्याम नारायण, शंकराचार्य राठौर और ओमकार राठौर के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चला आ रहा था। यह मामला गौरेला के तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन था। हाल ही में अदालत ने इस मामले में शंकराचार्य राठौर और ओमकार राठौर के पक्ष में फैसला सुनाया था।
श्याम नारायण, जो भारतीय सेना में जैसलमेर में कार्यरत हैं और वर्तमान में अवकाश पर अपने गांव आए हुए थे, इस फैसले से नाराज थे। वे देर रात अपने कुछ साथियों के साथ ओमकार राठौर के नए मकान पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि श्याम नारायण लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान शंकराचार्य राठौर और ओमकार राठौर के साथ मारपीट की गई, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आईं। इस दौरान ओमकार राठौर घटना का वीडियो बना रहे थे, जिस पर भी विवाद हुआ और मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के मुन्ना सिंह को भी सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनके पैर में गैती लगने से चोट लगी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गांव के लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 और 108 एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पुष्पराज सिंह ने बताया कि ओमकार राठौर और शंकराचार्य राठौर के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन पर टांके लगाए गए हैं। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है और इलाज जारी है।
गौरेला पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
13 Jun 2026 01:39 pm
Published on:
13 Jun 2026 10:16 am
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
