13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

डेंगू पर नियंत्रण के लिए अमला सतर्क, लेकिन नहीं रुक रहा संदिग्ध मरीजों का मिलना, बढ़ रही संख्या

मगरपारा, बस स्टैंड, तालापारा, गोड़पारा, कतियापारा, लिंकरोड, श्रीकांत वर्मा मार्ग, विद्या-विनोबानगर, टिकरापारा, दयालबंद सभी जगह नाले-नालियां सफाई के अभाव में भरे हुए हैं।

3 min read
Google source verification
dengue bilaspur

डेंगू पर नियंत्रण के लिए अमला सतर्क, लेकिन नहीं रुक रहा संदिग्ध मरीजों का मिलना, बढ़ रही संख्या

बिलासपुर. एक तरफ निगम प्रशासन का स्वास्थ्य महकमा डेंगू के संक्रमण की रोकथाम के लिए जनजागरण शिविर लगाने और साफ-सफाई के दावे कर रहा है। लेकिन जिन वार्डों में शिविर का आयोजन किया जा चुका है, और जहां किया जाना है, उन सभी वार्डों में नाले-नालियां गंदगी से पटी हुई हैं। बारिश हाते ही नाले में जगह न होने के कारण पानी की धार सड़कों पर बहने लगती है। भिलाई में डेंगू के संक्रमण से हालात बिगडऩे के बाद राज्य आपदा प्रबंधन ने सभी निकायों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर जनजागरण विशेष सफाई अभियान चलाने का फरमान जारी किया है। लेकिन इस निर्देश के बाद यहां भी डेंगू का संक्रमण तेज हो गया। वजह ये कि निगम का स्वास्थ्य महकमा सफाई के नाम पर पहले की तरह सिर्फ खोखले दावे और खानापूर्ति कर रहा है। शहर के मुख्यमार्गों से लेकर गलियों तक में नाले-नालियों में सफाई के अभाव में मलबा भरा पड़ा है।

तालापारा से राजीव गांधी चौक तक गंदगी का आलम : इस मार्ग का एक हिस्सा वार्ड नंबर 12 मंझवापारा में आता है। यहां हाल ही में डेंगू एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर नाले-नालियों के ब्लाकेज को खुलवाकर सफाई कराने का दावा निगम के स्वास्थ्य महकमे द्वारा किया गया था। हालात ये कि राजीव गांधी चौक से लेकर तैबा चौक तक दोनों तरफ का नाला सफाई के अभाव में जाम है। गंदा और बदबूदार पानी ऊपर तक भरा हुआ है। नाले के ठीक बगल से खुले मैदान में भी गंदे पानी का जमाव है, जिसमें लार्वा पनप रहा है। इसके अलावा मगरपारा, बस स्टैंड, तालापारा, गोड़पारा, कतियापारा, लिंकरोड, श्रीकांत वर्मा मार्ग, विद्या-विनोबानगर, टिकरापारा, दयालबंद सभी जगह नाले-नालियां सफाई के अभाव में भरे हुए हैं।
मरीमाई रोड पर मलबा : तालापारा मरीमाई रोड पर मरीमाई मंदिर के बगल से श्रीकांत वर्मा मार्ग जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग है। इसके दोनों ओर नाला बना हुआ है, जिसे कलवर्ट बनाकर श्रीकांत वर्मा मार्ग होते हुए निकासी के लिए जोड़ा गया है। यह नाला पूरी तरह गंदगी और मलबे से अटा हुआ है। इसमें भिनभिनाते मच्छर और लार्वा निगम को दिखाई नहीं दे रहे।

अभियान चलाने का दावा : इधर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी ने फिर वार्ड नंबर 19 तारबाहर संजय गांधी नगर में स्वास्थ्य शिविर लगाकर साफ-सफाई कराने और मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव कराने और सरकंडा बंधवापारा में जनजागरण अभियान चलाने का दावा किया है।
डेंगू के 5 संदेही मरीज मिले, अब तक 55 हुए : जिला अस्पताल में 20 लोगों के ब्लड सैंपलों की जांच की गई। इनमें 5 लोग डेंगू से पीडि़त मिले। अपोलो, सिम्स व निजी अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। डेंगू को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है। लेकिन इस पर नियंत्रण होता नहीं दिख रहा। शहर के वार्डों में नाले-नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही। गड्ढों में पानी जमा हो रहा है। सफाई तो दूर इस पर और कचरा डाल दिया जा रहा है। नगर निगम द्वारा प्रतिदिन वार्डों में शिविर लगाया जा रहा है, लेकिन डेंगू के मरीज बढ़ते ही जा रहे हैं। जिला अस्पताल में 20 लोगों के ब्लड के सैंपल की जांच की गई, जिसमें पांच लोग डेंगू के संदिग्ध मरीज निकले। सीएमएचओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, डेंगू के मरीज साकेत अपार्टमेंट, ओम टावर सरकंडा, सीपत, लोफंदी व बेलगहना के रहने वाले हैं। अब तक 55 मरीज पाए जा चुके हैं।

मुझे दूसरों से मिली जानकारी : वार्ड के नाले-नालियां अभी भी भरे पड़े हैं, निगम आयुक्त आकर देख सकते हैं। सफाई में कहां क्या दिक्कत है, ये तो पार्षद ही बता सकता है। लेकिन न तो स्वास्थ्य शिविर की सूचना दी गई, और न ही मुझसे संपर्क किया गया। स्वास्थ्य विभाग वाले आए थे, सिर्फ ये जानकारी दूसरों के जरिए मिली है।
एस कार्टर, कांग्रेस पार्षद वार्ड नंबर 19
नियमित की जा रही है सफाई : सभी जगह नियमित सफाई कराई जा रही है। कचरा अटकने के कारण कहीं नाले-नालियां जाम हो सकते हैं। जहां तक जरहाभाठा मंझवापारा की बात है वहां नाले में ढलान नहीं है। तालापारा मरीमाई रोड की जानकारी नहीं है, दिखवा लेता हूं।
डॉ. ओंकार शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम बिलासपुर