
Crime (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Crime News: बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में शराब बिक्री की रकम लेकर लौट रहे कलेक्शन वाहन पर बाइक सवार तीन युवकों ने हमला कर दिया। पहले शराब दुकान के सामने विवाद हुआ और बाद में पीछा कर बोतलों से वाहन के शीशे तोड़ दिए गए।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोटा बस स्टैंड निवासी जयवंत मसीह, जो सीएमएस ऑफिस मंगला बिलासपुर में शराब बिक्री की रकम कलेक्शन वाहन में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को दोपहर वह अपने ड्राइवर जयंत साहू, कैशियर साहिल लहरे व रंजीत के साथ बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी-12-बीएन-5804 से सीपत शासकीय शराब दुकान पैसे कलेक्ट करने पहुंचे थे।
शराब दुकान के सामने एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों से रास्ते को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने पहले ड्राइवर के साथ गाली-गलौज की। बीच-बचाव करने पर वे जयवंत मसीह को भी गालियां देने लगे और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर ड्राइवर और शराब दुकान के मैनेजर केदार सिंह सहित अन्य लोगों के समझाने पर आरोपी वहां से चले गए।
घटना के बाद कलेक्शन कर सभी लोग बिलासपुर लौट रहे थे। शाम करीब 4 बजे ग्राम मटियारी के पास मेन रोड पर वही तीनों युवक पीछे से मोटरसाइकिल में पहुंचे और बोलेरो वाहन पर बीयर व शराब की बोतलों से हमला कर दिया। हमले में वाहन का पिछला शीशा और ड्राइवर साइड का शीशा टूट गया। घटना में किसी को शारीरिक चोट नहीं आई। इसकी सूचना विभाग को देने के बाद आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
Updated on:
12 Feb 2026 08:45 am
Published on:
12 Feb 2026 08:45 am
