शुक्रवार दोपहर कोटा विधायक रेणु जोगी ने विधानसभा क्षेत्र के सरपंचों और ग्रामीणों को बैठक के नाम पर जनपद पंचायत व एसडीएम कार्यालय परिसर में बुलवाया था। दोनों सरकारी दफ्तर एक ही परिसर में स्थित हैं। यहां दोपहर के समय सरपंच और ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। विधायक जोगी ने ग्रामीणों को निजी खर्च पर लाए गए बर्तनों का वितरण कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में हलचल मच गई है। क्षेत्र के नेताओं ने इसका विराेध किया है। वहीं सरकारी कार्यालय परिसर में बर्तन बांटने की भनक कार्यालय में बैठे अधिकारियों को भी नहीं लगी।
सरकारी कार्यक्रम होता तो अधिकारी भी होते शामिल
नियम के तहत सरकारी कार्यक्रम सरकारी कार्यालय के परिसर में आयोजित होते हैं तो इसकी जानकारी अधिकारियों को पहले से रहती है। विधायक निधि हो या सरकार की योजना के तहत कार्यक्रम हो इसमें अधिकारी सारी व्यवस्था करते हैं, लेकिन शुक्रवार को हुए बर्तन वितरण कार्यक्रम में एक भी अधिकारी मौजूद नहीं था।
मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी।
अमित सिन्हा
एसडीएम कोटा
मेरी तबीयत खराब होने के कारण मैं अवकाश पर हूं। एसडीमए ने इसकी जानकारी मांगी है। मामले की जांच की जाएगी।
युवराज सिन्हा
सीईओ जनपद पंचायत कोटा
सरपंचो को बैठक के नाम पर जनपद कार्यालयपरिसर बुलवाया गया था। इस बीच विधायक ने गंज बांटे हैं। इसकी जानकारी वरिष्ठ पदाधिकारियों को दी जाएगी और मार्गदर्शन मिलने पर शिकायत करेंगे।
अरविंद दीक्षित
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कोटा