
श्रेयस तलपड़े की मौत की उड़ी अफवाह
Shreyas Talpade Death Rumours: बॉलीवुड के उम्दा एक्टर श्रेयस तलपड़े से जुड़ी एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। सोशल मीडिया पर खबर चली कि एक्टर श्रेयस तलपड़े ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। हालांकि, एक्टर की ये मौत की खबर एक अफवाह थी। श्रेयस ने अपने इंस्टाग्राम पर इस खबर को लेकर अब एक बयान भी जारी किया है। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर श्रेयस तलपड़े के निधन की खबरें सामने आने के बाद फैंस भी काफी दुखी हो गए। इस पर एक्टर ने रिएक्शन देते हुए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें एक्टर ने बताया कि उन्हें रिपोर्ट मिली, जिसमें दावा किया गया कि वह अब इस दुनिया में नहीं रहें। श्रेयस ने लिखा, 'मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं जिंदू हूं, खुश हूं और स्वस्थ हूं। मुझे एक पोस्ट के बारे में पता चला जिसमें मेरी मौत का दावा किया गया। मैं हंसी-मजाक समझता हूं, लेकिन जब इस तरह से सोशल मीडिया पर गलत इस्तेमाल किया जाता है, तो यह बहुत लोगों को नुकसान पहुंचाता है। किसी ने जो मजाक के तौर पर यह खबर शुरू की, अब उससे परेशानियां हो रही हैं और उन लोगों की भावनाओं के साथ खेल हो रहा है, जो मेरी परवाह करते हैं, खासकर मेरे परिवार की।'
यह भी पढ़ें: Randeep Hooda Movies on OTT: रणदीप हुड्डा की टॉप 5 मूवीज, इन ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हैं मौजूद
श्रेयस तलपड़े ने आगे लिखा कि इस झूठी खबर से उनकी स्कूल जाने वाली बेटी बहुत प्रभावित हुई है। एक्टर ने लिखा, 'मेरी छोटी बेटी जो स्कूल जाती है पहले से ही मेरे स्वास्थ्य को लेकर परेशान रहती है। अब वह मुझसे लगातार आश्वासन मांग रही है। यह झूठी खबर उसके डर को बढ़ा रही है। उसे अपने दोस्तों और टीचर्स के सवालों का सामना करने के लिए मजबूर कर रही है, जिन्हें हम एक परिवार के रूप में संभालने की कोशिश कर रहे हैं।' इसके आगे श्रेयस ने अपने फैंस का शुक्रिया किया, जिन्होंने उनका हालचाल पूछा। साथ ही एक्टर ने इंगेजमेंट, लाइक और दूसरों की कीमत पर मजाक ना करने की रिक्वेस्ट भी की।
श्रेयस तलपड़े को पिछले साल हार्ट अटैक भी आया था। उस समय वह फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की शूटिंग कर रहे थे। एक्टर को अचानक थकान और बेचैनी महसूस होने लगी, जिसके बाद हॉस्पिटल पहुंचने पर पता चला कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। इसके बाद डॉक्टर्स ने उनकी एंजियोप्लास्टी की थी। ठीक होने के बाद श्रेयस ने बताया कि हार्ट अटैक के बाद यह उनका दूसरा जन्म है।
Updated on:
20 Aug 2024, 4:04 PM IST
Published on:
20 Aug 2024, 9:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.