
समीरा रेड्डी ने किया खुलासा
Sameera Reddy On Industry: 2000 के दशक की शुरुआत में अपनी बोल्डनेस और बेहतरीन अदाकारी से फैंस के दिलों पर राज करने वाली एक्ट्रेस समीरा रेड्डी भले ही आज बड़े पर्दे से दूर हों, लेकिन उनकी बेबाकी आज भी बरकरार है। हाल ही में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के उन कड़वे सच से पर्दा उठाया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान हो रहा है। उन्होंने बताया कि सालों तक मैं इन सभी चीजों से मानसिक रूप से परेशान रही हूं। समीरा ने बताया कि कैसे उस दौर में टैलेंट से ज्यादा त्वचा के रंग और शरीर की बनावट को अहमियत दी जाती थी।
मिड-डे से हाल ही में समीरा रेड्डी ने बातचीत की। इस दौरान उन्होंने इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि एक एक्ट्रेस के तौर पर उन पर हमेशा गोरा दिखने का भारी दबाव रहता था। उन्होंने कहा, "मुझे हमेशा महसूस कराया जाता था कि गोरा दिखना ही सुंदरता है। पता नहीं क्यों, सेट पर हर कोई मुझ पर गोरा दिखने वाला मेकअप थोप देता था। हद तो तब हो जाती थी जब मुझे अपने सांवले रंग को छिपाने के लिए पूरे शरीर पर 'बॉडी मेकअप' करना पड़ता था। यह बात मुझे अंदर ही अंदर बहुत कचोटती थी।"
समीरा ने आगे बताया, "सिर्फ रंग ही नहीं मुझे शारीरिक बनावट के लिए भी निशाना बनाया जाता था। मेरे लंबे कद और मेरे चौड़े शरीर की वजह से मुझे हमेशा यह अहसास कराया गया जाता था कि मैं कभी 'परफेक्ट' या 'पतली' नहीं दिख सकतीं।" समीरा के मुताबिक, सालों तक उनकी पहचान उनकी एक्टिंग के बजाय सिर्फ उनके कद-काठी के इर्द-गिर्द सिमटी रही। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि उस वक्त इंडस्ट्री का चलन ही ऐसा था कि उन्होंने भी इन चीजों को चुपचाप होने दिया।
समीरा ने एक बेहद चौंकाने वाली बात शेयर करते हुए बताया कि जब उन्होंने दोबारा काम शुरू करना चाहा, तो उन्हें परेशान किया गया। उनसे कहा गया, "अब तुम मां बन चुकी हो, तुम्हारा वजन बढ़ गया है और बाल भी सफेद हो गए हैं। लोग तुम्हें अब स्वीकार नहीं करेंगे और तुम इस इंडस्ट्री में वापसी नहीं कर सकतीं।" लेकिन समीरा ने हार मानने के बजाय इसे अपनी शर्तों पर जीने का फैसला किया। उन्होंने दो टूक कहा कि वह जैसी हैं, वैसी ही रहेंगी। जिन्हें पसंद आए वो रहें, वरना चले जाएं।
समीरा रेड्डी ने 2002 में सोहेल खान के साथ फिल्म 'मैंने दिल तुझको दिया' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'मुसाफिर', 'डरना मना है' और 'रेस' जैसी बड़ी फिल्मों में काम किया। आज समीरा सोशल मीडिया पर 'बॉडी पॉजिटिविटी' की एक बड़ी आवाज बन चुकी हैं और अपने सफेद बालों और बढ़े हुए वजन को गर्व से फ्लॉन्ट करती हैं। उनका यह सफर उन तमाम महिलाओं के लिए एक प्रेरणा है जो समाज के बनाए 'खूबसूरती के मापदंडों' से लड़ रही हैं।
Updated on:
10 Mar 2026 01:04 pm
Published on:
10 Mar 2026 01:04 pm
