
आमिर खान को कम लोग उनके पूरे नाम मोहम्मद आमिर हुसैन खान से जानते हैं। 16 मार्च 1965 को आमिर खान का जन्म मुंबई में हुआ था। उनके चाचा नासिर हुसैन पहले ही फिल्मों से जुड़े हुए थे। इसलिए आमिर खान को बतौर बाल कलाकार भी कई फिल्मों में देखा गया। इसकी शुरुआत वर्ष 1973 में फिल्म यादों की बारात से हुई। इसके बाद वे कुछ फिल्मों में भी बतौर बाल कलाकार देखे गए।
आमिर खान आज अभिनेता के साथ साथ फिल्म निर्माता, निर्देशक और पटकथा लेखक भी हैं। इसके अलावा वह छोटे पर्दे पर शो सत्यमेव जयते को भी होस्ट कर चुके हैं। बतौर लीड एक्टर उनके करियर की शुरूआत वर्ष 1988 में हुई। जहां उनके चाचा ने उन्हें ‘कयामत से कयामत तक’ के जरिये लांच किया। इस फिल्म को चाचा नासिर हुसैन के बेटे मंसूर खान ने डायरेक्ट किया। अपनी पहली फिल्म के साथ ही आमिर ने युवाओं के बीच जगह बना ली। खास कर इस फिल्म का गाना ‘पहला नशा’ हर व्यक्ति की जुबान पर चढ़ा नजर आया। कयामत से कयामत तक के लिए आमिर खान को बेस्ट डेब्यू एक्टर का फिल्मफेयर अवार्ड दिया गया।
इस फिल्म से जुड़ा एक किस्सा है जो शायद लोग नहीं जानते। आमिर ने इस फिल्म से पहले यह किसी को नहीं बताया कि उनकी शादी दो साल पहले हो चुकी है। आमिर खान ने अपनी पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से की थी। लेकिन उन्होनें कई सालों तक इस बात को छुपा कर रखा। दरअसल कयामत से कयामत तक के वक्त उनके चाचा नहीं चाहते थे कि आमिर अपनी शादी की बात दर्शकों तक पहुंचने दें। क्योकिं उनका मानना था कि यदि ऐंसा हुआ। तो शायद इस फिल्म को उतना रिस्पांस नहीं मिलेगा जितना एक नये एक्टर को मिलना चाहिए। इससे फिल्म के प्रदर्शन पर भी फर्क पड़ सकता था। इसीलिए आमिर की शादी को राज ही रखा गया।
हालांकि आमिर का रीना दत्ता के साथ रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और इन दोनों ने 2002 में अलग होने का फैसला लिया। इसके बाद 2005 में उन्होनें किरण राव से शादी की जो तकरीबन 16 वर्षों तक उनके साथ रहीं। हाल ही इन दोनों ने तलाक की घोषणा कर दी है।
Published on:
30 Oct 2021, 10:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.