
Amitabh Bachchan
नई दिल्ली। बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन आए दिन सुर्खियों में बने रहते हैं। उनकी करोड़ों में फैन फॉलोइंग है। यही वजह है कि बड़ी-बड़ी कंपनियां चाहती हैं कि बिग बी उनके प्रोडक्ट्स का विज्ञापन करें। क्योंकि उनके द्वारा किए गए विज्ञापनों का उनके फैंस पर काफी प्रभाव पड़ता है। अब हाल ही में अमिताभ बच्चन एक्टर रणवीर सिंह के साथ एक पान मसाला के विज्ञापन में नजर आए। इस विज्ञापन के कारण लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल कर दिया। जिसकी वजह से अब उन्होंने इस पर सफाई दी है और बताया है कि उन्होंने ये विज्ञापन क्यों किया।
दरअसल, हाल ही में अमिताभ बच्चन ने फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट कर लिखा था, 'एक घड़ी खरीदकर हाथ में क्या बांध ली, वक्त पीछे ही पड़ गया मेरे।' उनके इस पोस्ट पर कई लोगों ने रिएक्शन दिया था। वहीं, एक यूजर ने कमेंट कर डाला 'प्रणाम सर, सिर्फ एक बात पूछनी है आपसे क्या जरुरत है आपको भी कमला पसंद पान मसाले का विज्ञापन करना पड़ा। फिर क्या फर्क है आप में और इन टटपुंजियों में? इसका अमिताभ बच्चन ने बड़ा ही मजेदार जवाब दिया।
उन्होंने कमेंट का रिप्लाई करते हुए लिखा, 'मान्यवर, क्षमा प्रार्थी हूं, किसी भी व्यवसाय में यदि किसी का भला हो रहा है, तो ये नहीं सोचना चाहिए कि हम उसके साथ क्यों जुड़ रहे हैं। हां यदि व्यवसाय है तो उसमें हमें भी अपने व्यवसाय के बारे में सोचना पड़ता है। अब आपको ये लग रहा है कि मुझे ये नहीं करना चाहिए था, लेकिन इसको करने से, हां मुझे भी धनराशि मिलती है, लेकिन हमारे इंडस्ट्री में जो बहुत से लोग काम कर रहे हैं। जो कि कर्मचारी हैं, उनको भी काम मिलता है और धन भी। मान्यवर टटपूंजिया शब्द आपके मुख से शोभा नहीं देता और न ही हमारी इंडस्ट्री के अन्य कलाकारों को भी शोभित करता है। आदर सहित नमस्कार करता हूं।'
अमिताभ बच्चन का ये कमेंट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। बता दें कि अमिताभ बच्चन को पान मसाला का विज्ञापन करता देख कुछ लोग भड़क उठे थे। उन्होंने कमेंट कर लिखा था कि अमिताभ बच्चन आपसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। सर आप करोड़ों लोगों के लिए एक आदर्श उदाहरण हैं, करोड़ों लोग आपसे प्रेरित होते हैं। लेकिन आप इस पान मसाले को बढ़ावा देकर समाज में गलत संदेश भेज रहे हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो इन दिनों अमिताभ बच्चन टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति के १३वें सीजन को होस्ट कर रहे हैं।
Published on:
17 Sep 2021, 7:42 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.