
Anurag Kashyap-Vivek Agnihotri Controversy
Anurag Kashyap-Vivek Agnihotri Controversy: बॉलीवुड में दो नामी फिल्म निर्देशकों के बीच शराब को लेकर विवाद सामने आया है। यह बहस सोशल मीडिया पर उस समय शुरू हुई जब ‘द कश्मीर फाइल्स’ फेम डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अनुराग कश्यप की शराब की लत के कारण 2007 की फिल्म 'धन धना धन गोल' की पूरी टीम परेशानी में पड़ गई थी। अनुराग उस समय बहुत शराब पीता था और उसके आने के समय का कोई हिसाब नहीं था। उसकी शराब पीने की आदतों ने काम के माहौल को चुनौतीपूर्ण बना दिया था।
डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने आगे कहा, “ वह इसके बाद सेट पर विक्रमादित्य मोटवाने को ले आया और मुझसे कहा कि ये मेरे आरके का लड़का है, वो मदद करेगा और धीरे-धीरे सारा काम उसी को ही दे दिया। मैं जो बनाना चाह रहा था लेकिन इन लोगों की सोच कुछ अलग थी, ये कुछ और ही बनाना चाह रहे थे। उस दौरान अनुराग को संभालना बहुत मुश्किल हो गया था क्योंकि शराबी ही जानता है कि शराबी क्या झेलता है। यह बहुत बड़ी समस्या बन गई थी।”
विवेक अग्निहोत्री के इस बयान के बाद फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने पलटवार किया है। उन्होंने आज, 14 मई को इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “कितना झूठ बोलता है ये आदमी। शूटिंग तो लंदन में हुई थी और मैं उस वक्त भारत में था। उसे न मुझसे स्क्रिप्ट चाहिए थी, न ही मोटवाने से। वो तो फुटबॉल पर 'लगान' जैसी फिल्म बनाना चाहता था और उसी मकसद से अपनी पसंद की एक राइटर से बेहद घटिया स्क्रिप्ट लिखवाई। ना मैं और ना ही मोटवाने कभी सेट पर गए थे। इसलिए अब ये दिखावा बंद करो विवेक अग्निहोत्री।”
'धन धना धन गोल' एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जो साल 2007 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया था, जबकि इसका निर्माण रॉनी स्क्रूवाला ने यूटीवी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले किया।
फिल्म में जॉन अब्राहम, बिपाशा बसु, अरशद वारसी और बोमन ईरानी जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म का संगीत प्रीतम ने तैयार किया था और इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे थे। 'धन धना धन गोल' ने बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रदर्शन किया था।
Updated on:
14 May 2025, 1:57 PM IST
Published on:
14 May 2025, 1:57 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.