
Amitabh_Bachchan
सदी के महानायक, बॉलीवुड के शहंशाह, एंग्री यंगमैन, बिग बी जैसे नामों से प्रसिद्ध अमिताभ बच्चन आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं।
जानिए अमिताभ जुड़ी कुछ रोचक बातें
यश, कीर्ति और शोहरत की बुलंदियों पर बैठे अमिताभ बच्चन की जिंदगी में कई मोड़ आए। आईए जानते हैं अमिताभ के बारें अनजानी कुछ बातें...
मशहूर कवि रहे हरिवंशराय बच्चन के बेटे अमिताभ बच्चन की बॉलीवुड के ग्लैमर वर्ल्ड से लेकर सोशल मीडिया तक जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। 70 के दशक में दीवार और जंजीर जैसी सुपरहिट फिल्में देने वाले अमिताभ ने हाल ही में 'पिंक' फिल्म में अभिनय किया, जिसमें उनके अभिनय की खूब सराहना हो रही है।
अमिताभ-रेखा का अफेयर चर्चा में रहा
अमिताभ बच्चन अभिनेत्री रेखा के साथ अफेयर को लेकर भी चर्चा में रहे। इन दोनों के इश्क की खबरें कई दिनों तक चलीं। यहां तक कि कुछ लोगों को अब भी यकीन है कि अमिताभ रेखा से आज भी चुपचाप मिलते हैं। फिल्म दो अनजाने (1976) में पहली बार रेखा और अमिताभ ने साथ काम किया। रेखा शादीशुदा अमिताभ के अभिनय और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उनके प्यार में पड़ गईं। अमिताभ भी रेखा की खूबसूरती के दीवाने हो गए। मगर पत्नी जया ने धैर्य का परिचय दिया और वह आखिरकार अमिताभ को वापस पाने में कामयाब रहीं। फिल्म सिलसिला (1981) के साथ दोनों के साथ काम करने का सिलसिला भी खत्म हो गया, जब उमराव जान के लिए रेखा को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला तो सबसे पहले अमिताभ ने रेखा को फोन कर बधाई दी थी।
अचानक मांग में सिंदूर भरकर पार्टी में पहुंची रेखा
कहा जाता है कि रेखा ने बिना डरे अपने कुछ दोस्तों को अमिताभ के साथ अपने रिश्तों के बारे में साफ-साफ बता दिया था। उधर शादीशुदा अमिताभ घबरा गए और रेखा से जुड़े हर सवाल को उन्होंने सिरे से नकार दिया। फिर वो दिन आया जिसने हंगामा बरपा कर दिया...। अभिनेता ऋषि कपूर और नीतू सिंह की शादी में रेखा मांग में सिंदूर भरकर बिलकुल एक शादीशुदा औरत की तरह पहुंच गईं। ये अफवाह उड़ी कि रेखा और अमिताभ ने चुपके से शादी कर ली है हालांकि रेखा ने कभी इस बारे में कुछ नहीं कहा।
उधर जया के सब्र का बांध टूटने लगा था उन्होंने एक दिन रेखा को फोन कर अपने घर डिनर पर बुला लिया। अमिताभ उस वक्त शहर से बाहर थे, रेखा पहले तो घबराईं लेकिन फिर जया से मिलने चली गईं। कहा जाता है कि डिनर के दौरान रेखा से जया ने अमिताभ और उनके कथित अफेयर पर कुछ भी नहीं कहा हालांकि जब रेखा लौटने लगीं तो जया ने सिर्फ इतना कहा- कुछ भी हो जाए मैं अमिताभ को कभी नहीं छोड़ूंगी...।
1984 में एक इंटरव्यू में रेखा ने अपने रिश्ते पर बात की
ऐसा नहीं है कि रेखा ने कभी अपने रिश्ते पर बात नहीं की। साल 1984 के नवंबर अंक में फिल्मफेयर मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में रेखा ने कहा कि मेरी बातों से किसी को कोई खास फर्क नहीं पडऩा चाहिए क्योंकि मैं दूसरी औरत हूं। उन्होंने जया पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे शख्स के साथ एक छत के नीचे रहने का मतलब मैं समझ सकती हूं जो किसी और से प्यार करता हो। रेखा ने साफ कहा कि मैं अब किसी और के बारे में सोच भी नहीं सकती, शादी पर उन्होंने कहा कि हम ऐसी चीज के बारे में सोचकर क्यों दुखी हों जो हो ही नहीं सकती।
रेखा-जया नहीं थी पहला प्यार
अमिताभ के एक करीबी दोस्त ने खुलासा किया कि जया या रेखा उनका पहला प्यार नहीं थीं। शहंशाह का दिल जिस लड़की पर सबसे पहली बार आया, वह एक ब्रिटिश कंपनी में काम करने वाले महाराष्ट्र की लड़की 'चंद्रा'(बदला हुआ नाम) थी।
हॉस्पिटल में थे अमिताभ, रेखा को नहीं मिलने दिया
इसके बाद इस प्रेम कहानी के चर्चे थोड़े कम हुए लेकिन साल 1983 में फिल्म कुली की शूटिंग के दौरान हुए हादसे के बाद जब अमिताभ जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे तो रेखा खुद को रोक नहीं पाईं और बच्चन साहब की एक झलक देखने के लिए हॉस्पिटल पहुंच गईं। अफसोस उन्हें अमिताभ से मिलने नहीं दिया गया। रेखा को इस घटना से बेहद धक्का लगा। एक इंटरव्यू में उन्होने कहा- सोचिए मैं उस शख्स को ये नहीं बता पाई कि मैं कैसा महसूस कर रही हूं। मैं ये महसूस नहीं कर पाई कि उस शख्स पर क्या बीत रही है। मुझे मौत मंजूर थी पर बेबसी का ये एहसास नहीं, मौत भी इतनी बुरी नहीं होती होगी।
'सिलसिला' में साथ दिखे रेखा, अमिताभ और जया
पूरी दुनिया एक बार फिर तब चौंक गई जब निर्माता-निर्देशक यश चोपड़ा ने साल 1980 में ये ऐलान कर दिया कि उनकी अगली फिल्म 'सिलसिला' में अमिताभ, रेखा और जया बच्चन लीड रोल में होंगे। जया शादी के बाद से ही एक्टिंग से संन्यास ले चुकीं थीं ऐसे में फिल्म कैसे पूरी होगी ये ही सबसे बड़ा सवाल था। सिलसिला रिलीज हुई और फ्लॉप भी हो गई लेकिन चर्चाएं फिर आम हुई कि ये उनकी रियल लाइफ पर बनी है। हालांकि यश चोपड़ा ने 11 अगस्त 2010 को बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में इस बात को कबूल किया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान वो काफी ज्यादा डरे हुए थे क्योंकि अमिताभ, जया और रेखा के बीच बेहद तनाव था।
रेखा ने 1990 में की शादी, लेकिन...
साल 1990 आया और रेखा ने उद्योगपति मुकेश अग्रवाल से शादी कर ली लेकिन शादी के एक साल बाद ही रेखा की जिंदगी में फिर तूफान आया और उनके पति मुकेश ने आत्महत्या कर ली। साल 2008 में रेखा एक बार फिर एक समारोह में सिंदूर लगाकर पहुंच गईं। उस समारोह में अमिताभ भी आए हुए थे और इसके बाद इन दोनों के रिश्तों को लेकर फिर सवाल उठने लगे।
जब रेखा ने कहा उनका अमिताभ से कोई रिश्ता नहीं रहा
हालांकि रेखा ने इसी साल एक इंटरव्यू में ये कहकर सबको चौंका दिया कि उनका अमिताभ से कभी कोई रिश्ता नहीं रहा। साल 2009 में एक अवार्ड समारोह में रेखा के आते ही अमिताभ उठ कर चले गए। बहरहाल अमिताभ ने कभी भी रेखा और उनके रिश्ते के बारे में खुलकर कुछ नहीं कहा लेकिन उनकी इस प्रेम कहानी पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में जो रेखा ने ग़ालिब का एक शेर पढ़ा था, ये शेर ही सब कुछ बयां कर देता हैं... 'मोहब्बत में नहीं है फर्क जीने और मरने का, उसी को देख कर जीते हैं जिस काफिर पे दम निकले...'
'कुली' में पसली में चोट
1982 में अमिताभ बच्चन को मनमोहन देसाई की फिल्म 'कुली' में पसली में चोट लग गई थी। इस चोट का दर्द उनके अब भी रह-रहकर उठता है।
पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित
वर्ष 1984 में अमिताभ बच्चन को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए उन्हें 2001 में पद्म भूषण से भी नवाजा गया।
कुल 7 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले
अमिताभ बच्चन को अपने पूरे जीवन में कुल 7 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले। उन्होंने अभिनय के साथ ही कई फिल्मों में गीत भी गाए हैं। 1979 में बनी फिल्म 'मेरे पास आओ मेरे दोस्तों' में पहली बार अमिताभ ने गाना गाया था।
800 रुपए मिली थी पहली सैलरी
कॅरियर के शुरुआती दिनों में अमिताभ बच्चन ने आकाशवाणी में भी बतौर अनाउंसर काम करने के लिए आवेदन किया लेकिन वहां उन्हें खारिज कर दिया गया। उन्होंने कोलकाता में सुपरवाइजर के रूप में कॅरियर शुरू किया और उस वक्त उन्हें तनख्वाह के रूप में प्रतिमाह 800 रुपए मिलते थे। दिलीप कुमार उनके पसंदीदा अभिनेता और आशा पारेख उनकी पसंदीदा अभिनेत्री हैं।
यौन शोषण का आरोप लगा
फिल्म 'ट्रेन' में अभिनय करने वाली अभिनेत्री सयाली भगत ने अमिताभ बच्चन पर यौन शोषण का आरोप लगाया था।
पेन-घड़ी के हैं शौकीन
अमिताभ बच्चन को कलम इकट्ठा करने का शौक है और उन्होंंने अबतक 1 हजार से भी अधिक पेन इकट्ठा कर लिए हैं। इसके साथ ही घड़ी का भी उन्हें काफी शौक है। एक बार पहनी हुई घड़ी को वह दोबारा नहीं पहनते हैं।
इन्होंने की स्ट्रगल डेज में मदद
संघर्ष के दिनों में संगीतकार कल्याणजी-आनंदजी ने अमिताभ बच्चन की खूब मदद की। वह उन दिनों कई रातें मुंबई के मरीन ड्राइव किनारे बेंच पर सो जाया करते थे।
2400 करोड़ की संपत्ति के मालिक
2400 करोड़ की संपत्ति के मालिक अमिताभ बच्चन के पास 11 लग्जरी कार हैं और हर कार के एक पहिए की औसतन कीमत ढाई लाख रुपए है।
Published on:
11 Oct 2017 02:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
