
‘पद्मावती’ को लेकर विवाद जितना बढ़ रहा है, उतना ही फिल्म को लेकर क्रेज भी दर्शकों के मन में बढ़ता ही जा रहा है। वैसे भी देखा गया है कि अक्सर विवादित फिल्में हिट होती हैं। विवाद ने हमेशा प्रचार का काम ही किया है। साधारण-सी फिल्में भी विवाद के चलते नोटिस में आ जाती हैं और औसत बिजनेस तो कर ही जाती हैं।

उड़ता पंजाब- पिछले साल रिलीज हुई अनुराग कश्यप की इस मूवी पर आरोप लगाया गया कि इसमें पंजाब को जान बूझकर बदनाम किया गया है। फिल्म से पंजाब शब्द हटाने की मांग हुई, लेकिन बाद में 13 कट और ‘ए’ सर्टिफिकेट दे दिया गया।

ऐ दिल है मुश्किल- करण जौहर की यह फिल्म पाक कलाकार फवाद खान की मौजूदगी की वजह से चर्चा में रही। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और कई हिन्दू संगठनों ने इस पर रोक की मांग की। वे भारतीय सेना पर पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा किए जा रहे हमलों से नाराज थे।

बाजीराव मस्तानी- संजय लीला भंसाली की दो साल पहले आई उनकी इस फिल्म पर भी इतिहास से छेड़छाड़ के आरोप लगे। पेशवा वंशज प्रसादराव ने इस मामले में सरकार से दखल देने की मांग तक की थी। उनका आरोप था कि फिल्म में मूल इतिहास उलट गया है।

गोलियों की रासलीला-रामलीला - संजय लीला भंसाली की इस फिल्म का नाम पहले राम-लीला रखा गया था। नाम हिंदू पौराणिक कथा पर आधारित था, ऐसे में विरोध हुआ। यहां तक कि कलाकारों और मेकर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई। बाद में नाम बदला गया।

पीके- आमिर खान की इस मूवी में धार्मिक आडम्बरों का विरोध किया गया। फिल्म को आरोप झेलना पड़ा कि इसमें धर्म गुरुओं का मजाक उड़ाया गया है। विरोध के बावजूद फिल्म रिलीज हुई और जबरदस्त हिट भी।

ओह माय गॉड- पीके से पहले आई इस मूवी में भी धार्मिक आडम्बरों पर प्रहार किया गया। परेश रावल के कुछ सीन और संवाद पर घोर ऐतराज जताया गया। हालांकि इस फिल्म को लोगों ने बेहद पसंद किया।

डर्टी पिक्चर- साउथ इंडियन एक्ट्रेस सिल्क स्मिता की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म के पोस्टर को लेकर बवाल हुआ था। इसके बाद सिल्क स्मिता के भाई वी नागा वारा प्रसाद ने मेकर्स पर बिना इजाजत के फिल्म बनाने का आरोप लगाया। मुश्किल से ये मामला शांत हुआ।

जोधा अकबर- 2008 में आई निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की फिल्म ‘जोधा अकबर’ को लेकर वैसा ही बवाल मचा था, जैसा अब ‘पद्मावती’ को लेकर मचा है। राजस्थान में राजपूतों ने आशुतोष पर इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। फिल्म की स्क्रीनिंग भी रोक दी गयी थी। कई जगह रिलीज नहीं हुई।

गदर एक प्रेम कथा- अनिल शर्मा की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गदर एक प्रेम कथा’ में दो अलग-अलग संप्रदाय के लडक़े और लडक़ी का प्रेम दिखाया गया। बंटवारे की पृष्ठभूमि पर रची इस फिल्म का कई जगह विरोध भी हुआ था, हालांकि फिल्म कुछ सींस पर कैंची चलाने के बाद रिलीज हुई थी।