
KANGANA RANAUT
बी-टाउन इंडस्ट्री की क्वीन कंगना रनौत आज 31 वां जन्मदिन मना रही हैं। कंगना ने अपने कॅरियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। इसके बावजूद उन्होंने बेबाकी से उनका सामना कर सफलता हासिल की है। लेकिन जहां एक ओर वह अपनी प्रोफेशनल लाइफ में सक्सेसफुल होती चली गईं वहीं उन्होंने पर्सनल लाइफ में कई रिश्ते खराब कर लिए। आज कंगना कॉन्ट्रोवर्शियल एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल हैं जिनके विवादों ने पिछले कुछ साल में खूब सुर्खियां बटोरी हैं। आज बॅालीवुड इंडस्ट्री में उनके कुछ खास दोस्त नहीं हैं। लेकिन इन सब के बावजूद वे बिना पीछे मुड़े अपने काम पर ध्यान दे रही हैं।
जन्मदिन के मौके पर किया पौधारोपण
अपना जन्मदिन खास बनाने के लिए कंगना ने किसी ग्रेंड पार्टी का आयोजन नहीं किया है बल्कि इस बार वह कुछ अलग अंदाज में इस खास दिन को सेलिब्रेट कर रही हैं। हाल में कंगना ने मनाली स्थित अपने नए बंगले में पौधारोपण किया है। अब तक कंगना इस घर के बगीचे में 31 पौधे लगा चुकी हैं। अब वह कीवी, चेरी, एपरीकॉट और सेब के पेड़ लगाना चाहती हैं।
जब उनसे गार्डनिंग को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि, ‘मेरी मां हमेशा किचन गार्डन को मेंटेन करती हैं, जहां पर हम सब्जियां और सेब उगाते हैं। मुझे हमेशा से वहां से ताजी सब्जियां मिल जाती है। मुझे ऑर्गेनिक खाना बेहद पसंद है। मुझे अच्छा लगता है जब पौधे लगाते हुए मेरे जूते गंदे हो जाते है। प्रतिदिन इसमें एक घंटा लग जाता है और यह काफी थकावट भरा भी होता है, लेकिन इससे आपका स्ट्रेस काफी दूर हो जाता है।’
पियानो बजाना सीख रही हैं कंगना
इन सब के अलावा हाल में कंगना ने खुद को एक शानदार पियानो भी गिफ्ट किया है। साथ ही वह आजकल इसकी ट्रेनिंग ले रही हैं। कंगना ने बताया कि,' मैं हमेशा से ही पियानो सीखना चाहती थी और यह सबसे सही समय है। मुझे क्लासिकल संगीत काफी पसंद है और मैं अक्सर ऐसे कॉन्सर्ट में जाती रहती हूं। कंगना हंसते हुए कहती हैं कि पियानो सीखना काफी मुश्किल है, खैर अभी तो मेरे टीचर बजाते है और मैं सुनती हूं।'
कार्तिकेय मंदिर जाकर करेंगी दर्शन
इसके अलावा सुनने में आया है की जन्मदिन के मौके पर कंगना कार्तिकेय मंदिर जाएंगी। यह मंदिर कंगना के घर से काफी करीब है। साथ ही अगर उनके कॅरियर की बात करें तो इन दिनों वह अपनी अपकमिंग फिल्म 'मणिकर्णिका: क्वीन ऑफ झांसी' के शूट्स में व्यस्त हैं। इसके अलावा जल्द ही वह एक्टर राजकुमार राॅव के साथ फिल्म 'मेंटल है क्या' में भी नजर आने वाली हैं।
Updated on:
23 Mar 2018 01:25 pm
Published on:
23 Mar 2018 11:22 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
