
,
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन के अब तक के फिल्मी करियर की अगर बात की जाए, तो वह फिल्मों से ज्यादा अपने स्टाइल, गॉसिप, फैंस से जुड़ाव और अगल हटकर सोशल मीडिया पोस्ट के कारण सुर्खियों में रहते हैं। युवा अभिनेता कार्तिक को फैंस की नब्ज भी पकड़ आ गई है। इसी कारण वह लम्बे समय से बिना फिल्मों में आए, चर्चा में बने रहते हैं। हाल ही एक्टर ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह एक फीमेल फैन के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है, मैं अपने फैंस का फैन हूं।
हाथ चूूमा, गले लगाया
कार्तिक आर्यन ने अपने सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया है, वह अभी का नहीं है। ये एक पुराना वीडियो है। दृश्य किसी कॉलेज फेस्ट का जैसा लग रहा है। कार्तिक स्टेज पर एक फीमेल फैन के साथ खड़े दिखाई देते हैं। इसके बाद वह घुटनों पर बैठकर फैन का हाथ चूम लेते हैं। इसके बाद उसे प्यार से गले लगा लेते हैं। इस वीडियो के कैप्शन में एक्टर ने लिखा है,''क्या इसे फैंसेप्शन कहते हैं क्योंकि मैं अपने फैंस का फैन हूं? मैं हमेशा ये कर सकता हूं सिर्फ इस फीलिंग के लिए।' इस वीडियो पर निर्माता—निर्देशक एकता कपूर ने भी रिएक्ट किया है। उन्होंने हार्ट इमोजी के साथ लिखा है वाउ!!!' अन्य फैंस ने भी कार्तिक की इस पोस्ट पर भरपूर प्यार लुटाया है।
लगातार दो फिल्में छूटी हाथ से
गौरतलब है कि हाल ही कार्तिक ने शाहरुख खान के प्रोडक्शन रेड चिलीज की फिल्म 'फ्रेडी' छोड़ी है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस फिल्म को छोड़ने की वजह निर्देशक से क्रिएटिव डिफरेंसेज हैं। मसलन, जो स्क्रिप्ट उन्हें पहले सुनाई गई थी, वह अब बदल दी गई है, जिसे एक्टर स्वीकारने को तैयार नहीं है। एक अन्य कारण बताया जा रहा है कि कार्तिक ने पहले 'धमाका' मूवी शूट कर ली है और वह नहीं चाहते कि एक और ऐसी ही मूवी वे लगातार करें, इसलिए उन्होंने खुद 'फ्रेडी' से अलग होने की गुजारिश की थी। कारण जो भी हो, यह लगातार दूसरा मौका है जब कार्तिक के हाथ से फिल्म छूट गई है। इससे पहले कार्तिक को करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म 'दोस्ताना 2' से बाहर किया गया था। तब धर्मा प्रोडक्शन ने इसकी वजह कार्तिक का गैर-पेशेवर रवैया बताया था।
कार्तिक से इन दो फिल्मों के छूट जाने के बाद भी कई फिल्में हैं। इनमें 'धमाका' का नाम सबसे पहले आता है। यह फिल्म शूट हो चुकी है और रिलीज को तैयार है। इसके अलावा उनके पास अनीस बज्मी की फिल्म 'भूल भुलैया 2' है। उन्होंने रोहित धवन के साथ भी एक फिल्म साइन की है।
Published on:
30 May 2021 06:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
