
priyanka
बॉलीवुड से हॉलीवुड तक का सफर तय करने वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अपनी आगामी फिल्म में चार अलग-अलग लुक में नजर आने वाली हैं। इससे पहले वह साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म 'जय गंगाजल' में नजर आई थीं। इसके बाद उन्हें सलमान की फिल्म भारत में कास्ट किया था। लेकिन उन्होंने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही इसमें काम करने से मना कर दिया था। ऐसा कहा जा रहा था कि प्रियंका ने निक के साथ अपनी सगाई के कारण सलमान की फिल्म में काम से मना कर दिया था। बहरहाल, अब वह हिंदी सिनेमा की तरफ दुबारा रुख ले रही हैं।
दो साल बाद करेंगी वापसी
प्रियंका चोपड़ा की आगामी फिल्म का नाम 'द स्काई इज पिंक' है। इस फिल्म से वह दो साल के लम्बे अंतराल के बाद हिंदी सिनेमा में वापसी कर रही हैं। फिल्म की शूटिंग पिछले दिनों शुरू हो चुकी है। कहा जा रहा है कि फिल्म में उनके चार लुक होंगे। इस फिल्म में प्रियंका के किरदार से 30 साल की जर्नी को 72 एमएम के पर्दे पर दिखाया जाएगा। समय के साथ उनके लुक्स में जो-जो बदलाव होंगे उन्हें ही पर्दे पर दिखाया जाएगा। प्रियंका के लुक्स पर इन दिनों काम भी किया जा रहा है। इससे पहले सलमान खान की फिल्म 'भारत' में प्रियंका जो भूमिका अदा करने वाली थीं उसमें भी उनके पांच लुक होने वाले थे। लेकिन उनके फिल्म छोड़ने के कारण ऐसा नहीं हो पाया। फिल्म 'द स्काई इज पिंक' में प्रियंका के साथ फरहान अख्तर लीड रोल में होंगे।
आयशा चौधरी पर के जीवन पर बेस्ड
फिल्म 'द स्काई इज पिंक' की कहानी एक सच्ची घटना पर आधारित है। फिल्म में प्रियंका और फरहान एक ऐसी बच्ची के माँ बाप की भूमिका में होंगे जो रोग प्रतिरोधी क्षमता में कमी (एससीआईडी) नामक बीमारी से ग्रसित है। ये फिल्म आयशा चौधरी के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने 'माय लिटिल इपिफनीज नाम की एक किताब लिखी थी। 13 साल की उम्र में आयशा की पल्मोनरी फाइब्रोसिस नामक बीमारी का खुलासा हुआ लेकिन इसके बावजूद उन्होंने जीवन से संघर्ष की ठानी। इसके बाद आयशा ने मोटिवेशनल स्पीकर बन कर कई लोगों को निराशा से बाहर निकलने का रास्ता बताया और इसके लिए अपने जीवन के संघर्ष को आगे रखा। महज 18 साल की उम्र में 24 जनवरी 2015 को उनका निधन हो गया।
Published on:
01 Oct 2018 04:45 pm
