
70 के दशक में अपनी शानदार एक्टिंग और खूबसूरती के जरिए बॉलीवुड इंडस्ट्री पर राज करने वाली अभिनेत्री राखी गुलजार किसी पहचान की मोहताज नहीं है। 74 साल की राखी गुलजार ने बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों में काम किया है। महानायक अमिताभ बच्चन से लेकर इंडस्ट्री के हर बड़े सुपरस्टार के साथ राखी को पसंद किया गया। राखी बॉलीवुड की एक ऐसी अभिनेत्री हैं जिन्होंने हीरोइन से लेकर बहन और मां के किरदारों से एक अलग पहचान बनाई है।
राखी अपने करियर में नेशनल अवार्ड से लेकर पद्मश्री पुरस्कार जैसे अवार्ड भी प्राप्त कर चुकी है। लेकिन राखी अब पूरी तरह से बॉलीवुड दुनिया से दूर है और वह लाइमलाइट में भी आना पसंद नहीं करती। आइए जानते हैं राखी इन दिनों अपना जीवन कहां व्यतीत कर रही है?
15 अगस्त 1947 को वेस्ट बंगाल के राणाघाट में जन्मीं राखी ने 20 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। उन्हें सबसे पहले राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म ‘जीवन मृत्यु’ में देखा गया और पहली फिल्म से राखी सुर्खियों में आ गई। इसके बाद राखी को बॉलीवुड की कई सुपरहिट फिल्में ऑफर हुई और उन्होंने हर एक किरदार के साथ बखूबी न्याय किया। राखी ने हीरोइन के किरदार से जहां रोमांस की अलग छवि बनाई तो वही मां और दादी के किरदार से भी दर्शकों की पसंद बनी रही। फिल्म ‘करण-अर्जुन’ में राखी ने माँ के किरदार से एक अलग छाप छोड़ी थी और आज भी उन्हें इस किरदार के लिए पहचाना जाता है।
राखी ने 15 मई 1973 को गुलजार के साथ शादी रचा ली थी। शादी के बाद इनके घर बेटी मेघना गुलजार का जन्म हुआ। लेकिन महज 1 साल के भीतर ही राखी और गुलजार के रिश्ते में अनबन शुरू हो गई थी। इसके कुछ दिन बाद ही राखी ने गुलजार से दूरी बना ली और अकेले रहने लगी। कहा जाता है कि गुलजार साहब को राखी का फिल्मों में काम करना पसंद नहीं था और उन्होंने शादी के वक्त ही यह शर्त रख ली थी कि वह शादी के बाद फिल्मों में काम नहीं करेगी। गुलजार से अलग होने के बाद भी राखी ने बॉलीवुड में एक लंबी पारी खेली। इसके बाद राखी ने ‘कभी कभी’, ‘कसमे वादे’, ‘त्रिशूल’, ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘जुर्माना’, ‘दूसरा’, ‘आदमी’ और ‘काला पत्थर’ जैसी फिल्में दी। 47 साल से एक दूसरे से अलग होने के बाद भी राखी और गुलजार ने अभी तक तलाक नहीं लिया। हालाँकि इन्होंने बेटी का पालन पोषण बहुत ही अच्छे से किया। राखी की बेटी मेघना ने एक इंटरव्यू में कहा था कि, “अच्छा ही हुआ दोनों अलग हो गए क्योंकि मतभेद होने के बावजूद साथ रहने से अच्छा है सुकून के साथ अलग-अलग रहना। दोनों ने अपने एकाकीपन को काम से भर लिया है।”
बता दें, राखी इन दिनों मुंबई से दूर अपने फार्म हाउस पर जिंदगी गुजार रही है। राखी का फार्महाउस पनवेल में है, जहां पर वह प्रकृति के बीच रहती है। रिपोर्ट की मानें तो राखी अब खेती बाड़ी का काम करती है और उन्होंने अपने फार्म हाउस पर कई तरह की सब्जियां उगाई है। राखी के पास कई पालतू जानवर भी है जिनके साथ वह मस्ती करती रहती है। मुंबई से दूर रहने के बारे में जब राखी से पूछा गया तो पता चला कि उन्हें मुंबई शहर में होने वाले शोर से काफी घबराहट होती थी जिसके चलते उन्होंने मुंबई से दूर रहने का फैसला किया। बता दें, आखरी बार राखी साल 2009 में रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘क्लासमेट’ में नजर आई थी। इसके बाद वह अभी तक पर्दे पर नहीं दिखाई दी है।
Published on:
13 Apr 2022 05:23 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
