
Salman khan
सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'रेस 3' को लेकर चर्चाओं में हैं। उनकी फिल्म ईद के मौके पर 15 जून को रिलीज होगी। लेकिन सलमान की यह फिल्म पाकिस्तान में ईद पर रिलीज नहीं हो पाएगी। दरअसल पाकिस्तान के मिनिस्ट्री आॅफ इन्फॉर्मेशन, ब्रॉडकास्टिंग, नेशनल हिस्ट्री एंड लिटररी हेरिटेज को इस फिल्म को लेकर डर सता रहा है। इस वजह से उन्होंने ईद पर 'रेस 3' की रिलीज पर बैन लगा दिया है। इतना ही नहीं पाकिस्तान ने ईद के मौके पर किसी भी भारतीय फिल्म के रिलीज पर पाकिस्तान में रोक लगा दी है। पाकिस्तानी मिनिस्ट्री ने घोषणा की है कि ईद से दो दिन पहले ये रोक प्रभावी होगी और बकरीद तक ये रोक जारी रहेगी।
ठप्प हो सकता है पाकिस्तानी फिल्मों का कारोबार:
ईद के मौके पर भारतीय फिल्मों को बैन करने के पीछे पाकिस्तानी सरकार का तर्क है कि ईद का मौका पाकिस्तानी फिल्मों की दुनिया के कारोबार के लिए बड़ा अवसर होता है। अगर ईद के मौके पर भारत की फिल्म वहां रिलीज की जाएगी, तो पाकिस्तानी फिल्मों का कारोबार ठप पड़ सकता है।
पाकिस्तान में भी सलमान के फैंस:
बता दें कि सलमान खान के फैंस दुनियाभर में फैले हैं। पाकिस्तान में भी सलमान के लाखों फैन हैं। उनको सलमान की फिल्म का बेसब्री से इंतजार रहता है। ऐसे में अगर ईद पर वहां सलमान की फिल्म रिलीज होती है तो निश्चित रूप से उनके फैंस यह फिल्म देखने सिनेमाघरों में जाएंगे।
राजी पर भी लगाई थी रोक:
हाल में रिलीज हुई आलिया भट्ट और विकी कौशल की फिल्म 'राजी' को पाकिस्तान में बैन कर दिया गया था। भारत में यह फिल्म 11 मई को रिलीज हुई। पाकिस्तान के सेंसर बोर्ड का मानना था कि इस फिल्म में विवादित कॉन्टेंट हैं और इसमें पाकिस्तान की नेगेटिव छवि दिखाई गई है। इस वजह से 'राजी' को पाकिस्तान में रिलीज नहीं होने दिया गया।
'रेस 3' को लेकर लोगों में उत्साह:
फिल्म 'रेस 3' का निर्माण सलमान खान फिल्म्स और रमेश तौरानी ने टिप्स फिल्म्स के बैनर तले किया है। इसका निर्देशन रेमो डी सूजा ने किया है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। इस फिल्म में सलमान खान के अलावा जैकलिन फर्नांडीस, अनिल कपूर , डेजी शाह, बॉबी देओल और साकिब सलीम जैसे सितारे हैं।
Published on:
27 May 2018, 2:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.