
Suhana Khan
नई दिल्ली। शाहरुख खान और गौरी खान की लाडली बेटी सुहाना खान आए दिन लाइमलाइट में बनी रहती हैं। वह इंडस्ट्री के पॉपुलर स्टार किड्स में से एक हैं। अक्सर उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाखों फॉलोअर्स हैं। अभी तक उन्होंने फिल्मों में कदम नहीं रखा है लेकिन उनकी पॉपुलैरिटी किसी स्टार से कम नहीं है। लेकिन अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि वह जल्द बॉलीवुड में एंट्री करने जा रही हैं। कहा जा रहा है कि सुहाना को निर्देशक जोया अख्तर लॉन्च करेंगी।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इन दिनों ज़ोया डिजिटल नेटफ्लिक्स के लिए कॉमिक बुक आर्ची की हिंदी फिल्म पर काम कर रही हैं। ये टीनएज की स्टोरी है। कहा जा रहा है कि इस फिल्म से सुहाना अपना डेब्यू कर सकती हैं। जोया फिल्म के लिए अभी कास्टिंग कर रही हैं लेकिन सुहाना उनकी पहली पसंद हैं। फिल्म शुरुआती चरण में है। फिल्म की कहानी आर्ची और उसके दोस्तों के ग्रुप के बीच घूमती है। इसमें रेगी, जुगहेड, बेट्टी, वेरोनिका, मूस, मिज, दिल्टन, बिग एथेल, मिस्टर लॉज, मिस ग्रुंडी, पॉप टेट, मिस्टर वेदरबी, स्मिथर्स, स्टीवंस जैसे रोल हैं।
फिल्म को लेकर ये भी कहा जा रहा है कि कोरोना महामारी को देखते हुए इसे सिनेमाघरों में नहीं बल्कि OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जा सकता है। बता दें कि इन दिनों सुहाना खान न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में अपनी पढ़ाई कर रही हैं। यहां से वह अपने दोस्तों के साथ तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। कई बार वह अपने बोल्ड लुक के कारण सुर्खियों में आ जाती हैं।
वहीं, शाहरुख खान के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह आखिरी बार फिल्म जीरो में दिखाई दिए थे। इस फिल्म में उनके साथ अनुष्का शर्मा और कटरीना कैफ लीड रोल में थीं। आनंद एल रॉय की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। जिसके बाद शाहरुख खान ने फिल्मों से दूरी बना ली थी। अब वह 'पठान' फिल्म से दोबारा वापसी करने जा रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ जॉन अब्राहम और दीपिका पादुकोण लीड रोल में हैं। इस फिल्म के लिए फैंस काफी एक्साइटिड हैं।
Published on:
18 Aug 2021 02:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
