
Shweta Tripathi (Image Source: Actress's Instagram)
समलैंगिक प्रेम कहानी: 'मिर्जापुर' फेम एक्ट्रेस श्वेता त्रिपाठी बोल्ड सब्जेक्ट पर काम करने वाली हैं। इस बात का खुलासा उन्होंने खुद किया है। वह 'मुझे जान न कहो मेरी जान' फिल्म के जरिए बतौर निर्माता नई पारी की शुरुआत करने जा रही हैं। यह फिल्म एक समलैंगिक प्रेम कहानी है। इस फिल्म में अभिनेत्री 'तिलोत्तमा शोम' महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। फिल्म का निर्देशन संजय नाग करेंगे। फिल्म की शूटिंग इस साल के आखिरी महीनों में शुरू हो सकती है।
अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने अपनी नई फिल्म को अपने दिल के बेहद करीब बताया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके लिए खास इसलिए नहीं है कि वह इससे प्रोड्यूसर बन रही हैं, बल्कि इसलिए भी क्योंकि यह समलैंगिक प्रेम कहानी को सच्चाई और खूबसूरती से दिखाने की कोशिश करती है।
उन्होंने फिल्म की दूसरी अभिनेत्री तिलोत्तमा शोम की तारीफ करते हुए कहा, “तिलोत्तमा शानदार कलाकार हैं। वह किसी भी किरदार में जान डाल देती हैं। मैं उन्हें दिल से सम्मान देती हूं और उन पर पूरा भरोसा करती हूं। हम दोनों लंबे समय से साथ काम करना चाहते थे, और इस फिल्म के जरिए ऐसा हो पाया, यह बहुत खुशी की बात है।”
श्वेता ने पिछले महीने थिएटर की दुनिया में भी कदम रखा था। उन्होंने ब्रिटिश नाटक ‘काक’ को प्रोड्यूस किया, जिसका प्रीमियर 6 जून को दिल्ली और 10 जून को मुंबई के पृथ्वी थिएटर में हुआ। यह नाटक उनकी थिएटर कंपनी ‘ऑल माई टी’ के बैनर तले बनाया गया था, जिसमें रिताशा राठौर, तन्मय धनानिया, साहिर मेहता और हर्ष सिंह जैसे कलाकार शामिल थे।
श्वेता ने अपने करियर की शुरुआत मुंबई के एक पोस्ट-प्रोडक्शन हाउस 'पिक्सियन ट्रेलर हाउस' में काम करके की थी। इसके बाद उन्होंने 2009 में डिज्नी चैनल के शो 'क्या मस्त है लाइफ' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा।
हालांकि, उन्हें असली पहचान फिल्म 'मसान' से मिली, जहां उन्होंने विक्की कौशल की प्रेमिका का किरदार निभाया। इसके बाद उन्होंने वेब सीरीज 'द ट्रिप' और तमिल फिल्म 'मेहंदी सर्कस' में भी काम किया।
श्वेता भारत की पहली आईफोन से शूट की गई फीचर फिल्म 'जू' का भी हिस्सा रहीं। उन्हें आखिरी बार 'कंजूस मक्खीचूस' फिल्म में देखा गया, जिसमें उनके साथ कुणाल खेमू, पीयूष मिश्रा, अलका अमीन, राजीव गुप्ता और राजू श्रीवास्तव जैसे कलाकार नजर आए थे।
Updated on:
15 Jul 2025, 3:05 PM IST
Published on:
15 Jul 2025, 3:05 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.