
नई दिल्ली: महाराष्ट्र में शनिवार सुबह भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। शनिवार सुबह बीजेपी ने एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बना ली। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने देवेंद्र फडणवीस को सीएम पद की शपथ दिलाई। वहीं अजित पवार ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। महाराष्ट्र में हुए इस बड़े राजनीतिक उलटफेर पर बॉलीवुड एक्टर कमाल आर खान (Kamaal R Khan) का रिएक्शन सामने आया है। उनके ट्वीट से साफ पता लग रहा है कि वो इस निर्णय से खुश नहीं हैं।
एक्टर ने ट्वीट करते हुए कहा, 'एक बार यह फिर साबित हो गया कि जनता सबसे बड़ी मुर्ख है और लोकतंत्र में उनकी जीरो अहमियत है। जो लोग बीजेपी के विरोध में थे, उन्होंने एनसीपी (NCP) को वोट दिया था लेकिन अब उनपर बीजेपी (BJP) शासन करेगी। यह सबसे बड़ा कारण है कि मैं वोट डालने नहीं जाता क्योंकि मैं किसी के द्वारा खुद को बेचना नहीं चाहता।'
आपको बता दें कि शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया था। हमारे साथ लड़ी शिवसेना ने उस जनादेश को नकार कर दूसरी जगह गठबंधन बनाने का प्रयास किया। महाराष्ट्र को स्थिर शासन देने की जरूरत थी। महाराष्ट्र को स्थायी सरकार देने का फैसला करने के लिए अजित पवार को धन्यवाद। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र का दोबारा सीएम बनने पर बधाई दी है। पीएम ने कहा, देवेंद्र फडणवीस जी और अजित पवार जी को क्रमशः मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई। मुझे विश्वास है कि वे महाराष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगन से काम करेंगे।
Published on:
23 Nov 2019 01:08 pm
