
Manushi_Chhillar
मिस वर्ल्ड 2017 बनने के बाद देशभर में मानुषी छिल्लर की चर्चा हो रही है। ऐसा हो भी क्यों ना क्योंकि 17 साल बाद मिस वर्ल्ड का ताज भारत वापस आया है। चाइना में मिस वर्ल्ड समापन समारोह में सवाल का शानदार जवाब और उनकी ब्यूटी ने दुनिया को दीवाना बना दिया है। जब से मानुषी मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर भारत लौटीं तब से वो बहुत बिजी हैं। कभी भगवान के दरबार में हाजिरी, कभी प्रेस कॉन्फ्रेंस, कभी इंटरव्यू तो कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात।
इसी बीच सितंबर, 2017 का एक पुरानी वीडियो इंटरनेट पर जबरदस्त वायरल हो रहा हैं जिसमें मानुषी छिल्लर और पूर्व मिस वर्ल्ड सुष्मिता सेन फ्लाइट में एक—दूसरे बातचीत करती हुई दिखाई दे रही हैं। यह वीडियो उस समय का है जब मानुषी मिस इंडिया बनी थीं और मिस वर्ल्ड की तैयारियों में जुटी थीं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है दो ब्यूटी एक—दूसरे के अचानक सामने आती हैं और सुष्मिता को कहते सुना जा सकता है : 'तुम अपना बेस्ट देना और फिर सब कुछ भगवान पर छोड़ देना. ऑल द बेस्ट।' इस वीडियो में आप देख सकते हैं सुष्मिता मानुषी का हाथ चूमते नजर आ रही हैं।
वैसे आपको हम यह भी बता दें कि मिस वर्ल्ड बनने के बाद मानुषी काफी बिजी थीं लेकिन इसके बावजूद उन्होंने सुष्मिता को ट्विटर पर बर्थडे विश करते हुए फोटो शेयर की थी। इसके बाद सुष्मिता ने कहा था कि मानुषी ने मिस वर्ल्ड का क्राउन जीतकर उन्हें अब तक का सबसे बढ़िया गिफ्ट दिया है।
हरियाणा के सोनीपत जिले में ऑल-गर्ल्स मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई करते हुए मानुषी ने चीन के सान्या में विश्व सुंदरी 2017 का ताज जीता, लेकिन यह चकाचौंध उन्हें शिक्षा से दूर नहीं ले जा सका है। उन्होंने कहा, 'आप जल्द ही एक भावी डॉक्टर देखेंगे, क्योंकि चिकित्सा एक लंबा कोर्स है। मुझे लगता है कि एक डॉक्टर और एक विश्व सुंदरी के रूप में आप का उद्देश्य समान होता है। आप लोगों के जीवन को सहज (बातचीत और गतिविधियों के साथ) बनाते हैं। विश्व सुंदरी के रूप में मैं लोगों को बेहतर ढंग से समझ सकूंगी।'
एक कवि, चित्रकार और कुचीपुड़ी नृत्यांगना मानुषी हृदय सर्जन बनना चाहते हैं और महिलाओं के बीच मासिक धर्म की स्वच्छता से संबंधित एक परियोजना से जुड़ी हैं। उनका मानना है कि विश्व सुंदरी बनने के बाद परियोजना का अधिक विस्तार होगा।
'मिस कैंपस प्रिंसेस' और 'मिस हरियाणा' का खिताब जीत चुकीं मानुषी ने कहा, 'मैं खुश हूं कि विश्व सुंदरी प्रतियोगिता ने मेरी परियोजनाओं में गहरी दिलचस्पी ली है। अब, मैं इसका विस्तार कर सकती हूं और बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच सकती हूं।' वह महसूस करती हैं कि भारतीय होने के कारण विश्व सुंदरी समारोह के दौरान उन्हें महत्व मिला।
Published on:
1 Dec 2017, 5:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.