
Budaun News
Budaun News: बदायूं जिले का चूहा हत्याकांड प्रदेशभर में खूब सुर्खियों में रहा था। इसके बाद एक कुत्ते की हत्या में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अब सांप को मारने का मामला सामने आया है। सांप को मारकर जलाने के प्रकरण में भी FIR दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक युवक का वीडियो हुआ वायरल
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें युवक ने स्वीकार किया कि उसने सांप के डसने की वजह से यह कदम उठाया। उसने सांप को मार कर जला दिया। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ। वहीं कुछ पशु प्रेमियों ने घटना पर प्रतिक्रिया जाहिर की। बिसौली पुलिस ने वन विभाग के दरोगा की तहरीर पर जोएब पुत्र जाहिद निवासी ईदगाह रोड़ नई बस्ती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया हैं।
युवक बोला- डस लेता तो कौन जिम्मेदार होता
वन विभाग की टीम ने आरोपी युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि सांप उसको डस लेता तो इसका जिम्मेदार कौन होता। इस वजह से उसने सांप को ही मार दिया। इसके बाद वनकर्मी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9 व 51 के तहत मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि शीघ्र ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में बिसौली कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला का कहना है कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं जिले में चूहा और कुत्ते की हत्या के बाद अब सांप को मारने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोग इसे लेकर तरह तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
Published on:
10 Jun 2023 09:29 am

बड़ी खबरें
View Allबदायूं
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
