19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कलयुगी पिता ने 5 महीने के कलेजे के टुकड़े को मार डाला, छत से नीचे लटकाया और छोड़ दिया

बदायूं में पिता ने अपने ही 5 महीने के बेटे को मार डाला। उसने मासूम बच्चे को छज्जे से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।

2 min read
Google source verification
murder

फोटो में 5 माह के राघव अपनी मां ‌के गोद में है।

मलखानपुर गांव के पूर्व प्रधान प्रमोद दिवाकर के घर में शादी का माहौल था। रविवार को उनके बेटे सौरभ की बारात जानी थी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रमोद की बेटी कुमकुम अपने पति बॉबी और 2 बच्चों के साथ मायके आई थी। बॉबी संभल जिले के बेहटरसूल गांव का रहने वाला है और दिल्ली में मजदूरी करता है।

आधी रात को छज्जे से लटकाया मासूम

शनिवार रात करीब 9 बजे बॉबी शराब के नशे में घर पहुंचा। इस दौरान पति-पत्नी में विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देख कुमकुम की मां सुनीता ने बीच-बचाव किया और बच्चे को अपनी गोद में ले लिया। रात करीब 12 बजे बॉबी अचानक अपनी सास की गोद से 5 महीने के बेटे राघव को छीनकर छत पर ले गया।

उसने बच्चे को छज्जे से नीचे लटका दिया और पत्नी को तुरंत अपने साथ घर चलने की धमकी देने लगा। जब पत्नी ने रात के समय साथ जाने से मना किया, तो उसने मासूम को हाथ से छोड़ दिया। बच्चा सीधे कंक्रीट के फर्श पर गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल में मौत

बच्चे के नीचे गिरते ही घर में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत घायल राघव को लेकर चंदौसी के एक अस्पताल पहुंचे। वहां से उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया, जहां रविवार तड़के करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद घर वालों ने आरोपी बॉबी को एक कमरे में बंद कर दिया था।

रविवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद बिसौली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और नशे की बात सामने आई है। आरोपी पिता ने अपनी पत्नी पर दबाव बनाने के लिए इस अपराध को अंजाम दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।