8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बदायूं में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: पीड़ित बोली- पति ने एक हजार में कराया गैंगरेप, खुद बोला- मैं तुमसे पैसे कमाऊंगा

Budaun News: बदायूं में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने महज एक हजार रुपये के लालच में पत्नी को दो युवकों के हवाले कर दिया।

2 min read
Google source verification
badaun husband sold wife gangrape case

बदायूं में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात | Image Source - Patrika

Husband Sold Wife Gangrape Case Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने लालच और दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में पति ने महज एक हजार रुपये के बदले अपनी पत्नी को दो युवकों के हवाले कर दिया। आरोप है कि महिला को बहाने से गैस एजेंसी भेजा गया और रास्ते में जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया।

गैस एजेंसी का बहाना, साजिश की शुरुआत

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी को वह अपने पति के साथ गैस के कागजात बनवाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में अल्लैहपुर खुर्द निवासी पप्पू और तखोरा निवासी बालकिशन से मुलाकात हुई। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों से एक हजार रुपये लिए और खुद किसी काम का बहाना बनाकर अलग हो गया।

पति के कहने पर आरोपियों के साथ गई महिला

पति ने महिला से कहा कि वह दोनों युवकों के साथ गैस एजेंसी चली जाए। भरोसे में आकर महिला बाइक पर उनके साथ बैठ गई। आरोपी उसे गैस एजेंसी ले जाने के बजाय बलकनपुर गांव की ओर ले गए, जहां आगे जंगल का इलाका पड़ता है।

जंगल में दरिंदगी, यूकेलिप्टिस के बाग में गैंगरेप

आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने महिला को जंगल में स्थित यूकेलिप्टिस के बाग में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। महिला के विरोध और चीख-पुकार पर उसका मुंह दबा दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने कहा कि इस घिनौने काम के लिए उसके पति को पैसे दिए गए हैं और उसे सब कुछ पहले से पता है।

बदहवास हालत में जंगल में छोड़ा

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को जंगल में ही बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह हिम्मत जुटाकर महिला वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और पति से पूरी घटना बताई।

पति का कबूलनामा, पीड़िता के होश उड़ गए

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने पति से सवाल किया, तो उसने बेखौफ होकर कहा कि हां, उसने आरोपियों से पैसे लिए थे और वह इसी तरह उससे पैसे कमाएगा। पति का यह बयान सुनकर महिला पूरी तरह टूट गई।

घटना के बाद महिला ने अपने जेठ को जानकारी दी, लेकिन उनके नेत्रहीन होने के कारण वह रात में थाने नहीं जा सके। मजबूरन महिला अगले दिन खुद थाने पहुंची और पूरी आपबीती पुलिस को बताई।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच में जुटी

थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर रविवार दोपहर पति समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का बयान दर्ज किया जाएगा और मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।