
UP Police
बुलंदशहर। जिले में जहांगीराबाद पुलिस ने यूपी पुलिस की परीक्षा देने मुरादाबाद जा रहे एक मुन्नाभाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ये मुन्ना भाई परीक्षा सेंटर पर पहुंचकर दूसरे लोगों की परीक्षा देता था और पहले भी ये मुन्नाभाई खुद परीक्षा देकर कई लोगों की नौकरी लगवा चुका है। दरअसल सोमवार को जहांगीराबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ये मुन्ना भाई जहांगीराबाद के खलौर चौराहे पर मुरादाबाद जाने के लिए खड़ा बस का इंतज़ार कर रहा है।
पुलिस सूचना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंची और इस युवक को गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के खलौर के रहने वाले इस युवक का नाम उमेश चौधरी है। उमेश पर पहले से ही दूसरे लोगों की परीक्षा देकर उनकी नौकरी लगवाने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए युवक से बुलंदशहर पुलिस ने अलग-अलग अभ्यर्थियों के नाम से 4 पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा संंबंधी प्रवेश पत्र, 2 आधार कार्ड, 2 फ़ोटो निर्वाचन पहचान पत्र और एक आई फ़ोन मोबाइल बरामद किया है। वहीं फिलहाल पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी कर उसे जेल भेज दिया है।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा 41 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। जिसके अतंर्गत 18 व 19 जून को लिखित परीक्षा कराना निश्चित हुआ है। इसी के तहत सोमवार को यह लिखित परीक्षा प्रदेश के विभिन्न जिलों में बनाए गए केंद्रों पर आज संपन्न हुई।
डीजीपी ओपी सिंह ने दी अभ्यर्थियों को बधाई
इससे पहले यूपी पुलिस के डीजीपी ओपी सिंह ने सिपाही भर्ती में शामिल हो रहे सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को गौरवशाली यूपी पुलिस का हिस्सा बनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर अपना वीडियो भी अपलोड किया है।
Published on:
18 Jun 2018, 6:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.