
फोटो: AI
Married Woman Falls In Love: बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र के मूंडघसा गांव में एक विवाहिता के अपने दो मासूम बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी के साथ चले जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। मंगलवार को महिला अपने प्रेमी के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और स्वयं को बालिग बताते हुए उसके साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद महिला थाना परिसर में दोनों पक्षों के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार मूंडघसा निवासी परमेश्वर यादव ने 18 मई को बूंदी जिले के दबलाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी थी। काफी प्रयासों के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया था। इसी बीच पुलिस का दबाव बढ़ने पर मंगलवार को महिला अपने प्रेमी धनराज के साथ पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित हो गई।
महिला ने अधिकारियों के सामने स्पष्ट रूप से कहा कि वह बालिग है और अपनी इच्छा से प्रेमी के साथ रहना चाहती है। जैसे ही इसकी जानकारी महिला के पति और परिजनों को लगी वे बड़ी संख्या में महिला थाने पहुंच गए। परिजनों ने महिला को समझाने का प्रयास किया और ससुराल लौटने की गुहार लगाई लेकिन महिला अपने फैसले पर अडिग रही।
इस दौरान सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब महिला के दो और चार वर्ष के मासूम बेटे भी अपने पिता के साथ महिला थाने पहुंचे। दोनों बच्चे अपनी मां को देखकर उसके पास जाने की कोशिश करते रहे और बिलख-बिलख कर रोते रहे। बच्चों की हालत देखकर वहां मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गईं। हालांकि महिला ने अपना निर्णय नहीं बदला और प्रेमी के साथ रहने की बात दोहराती रही।
मौके पर मौजूद लोगों ने भी महिला को बच्चों के भविष्य का हवाला देते हुए समझाने का प्रयास किया लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। दबलाना थाने के एएसआई रघुराज सिंह ने बताया कि परमेश्वर यादव की ओर से पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को महिला अपने प्रेमी के साथ पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश हुई और उसके साथ रहने की इच्छा जताई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला अपने प्रेमी धनराज के साथ चली गई।
Published on:
03 Jun 2026 08:28 am
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
