बूंदी. हिण्डोली. पुलिस ने पिछले दिनों सथूर स्थित रक्तदंतिका मंदिर में हुई सोने-चांदी के आभूषण की डकैती और वहां रह रहे सेवक की हत्या का खुलासा कर दिया है। यह वारदात मध्यप्रदेश के अन्तर्राज्यीय अमन बाछड़ा गैंग ने की थी। पुलिस ने सरगना अमन बाछड़ा समेत तीन जनों को गिरफ्तार किया था। उन्हें बापर्दा रखा गया है। वारदात से पहले इस गिरोह ने मंदिर की रैकी की थी। इस गिरोह के मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न जिलों में तीन दर्जन से अधिक डकैती, लूट, हत्या और मारपीट के मुकदमें दर्ज है।
जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि गत 18 सितम्बर की मध्य रात को अमन बाछड़ा गैंग ने सथूर स्थित रक्त दंतिका माताजी मंदिर में सेवक राजू प्रजापति को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वे मंदिर के अंदर रखे माताजी और भैरूजी के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ले गए थे। राजू को उपचार के लिए पहले कोटा, फिर जयपुर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में रोष फैल गया था।
लोगों ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ प्रदर्शन किया था। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों की अगुवाई में स्पेशल जांच टीम का गठन किया। इस टीम ने घटना स्थल के आसपास 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी तरीके से खोजबीन की। आखिर में पुलिस को मुखबिर से इस वारदात में अमन बाछड़ा गैंग के लिप्त होने के बारे में पता चला। पुलिस को पता चला कि यह गैंग निजी वाहन से भीलवाड़ा जिले के किसी बड़े मंदिर में वारदात के इरादे से क्षेत्र में निकली हुई है। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनासा निवासी अमन बाछड़ा, उसके साथी प्रदीप उर्फ पिण्टू और चित्तौडगढ़़ के विजयपुर निवासी भरत को गिरफ्तार किया। वारदात में शामिल इनके चार साथी भीमा बाछड़ा, सिया बाछड़ा, कपिल और पप्पू बाछड़ा फरार है।
मोबाइल नहीं रखते
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गैंग बहुत शातिर है। यह वारदात के समय अपने पास मोबाइल नहीं रखती थी। इस बात का भी ध्यान रखते थे कि कहीं सीसीटीवी कैमरे में न आ जाए। यह बातचीत भी अजीब तरह की आवाज निकालकर करते थे। वारदात के बाद उस घटना व पुलिस कार्रवाई के बारे में छपे समाचारों पर नजर रखते थे।
मौज मस्ती में खर्च करते थे पैसा
इस गैंग के सदस्य वारदात के बाद लूटे गए पैसों को मौजमस्ती में खर्च करते थे। सभी के पास लग्जरी गाड़ी है। अमन ने कुछ समय पहले ही नई लग्जरी गाड़ी खरीदी थी। इन्होंने काफी पैसा घूमने-फिरने में भी खर्च किया था।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
हिण्डोली पुलिस ने सथूर माता मंदिर में आभ्भूषणों की लूट व एक जने की हत्या के गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जिन्हें 26 अक्टूबर तक बापर्दा न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाने के आदेश दिए।
70 किलो चांदी ले गए
इस गिरोह ने फरवरी में एक घर में घुसकर 70 किलो चांदी और 40 तोला सोना चोरी कर लिया था। अमन बाछड़ा की पुलिस राजस्थान और मध्यप्रदेश में दर्ज कई मुकदमों में तलाश है।