
Rajshree Scheme : अब स्कूलों में भी मिलेगा राजश्री योजना का लाभ
Rajshree Scheme : अब स्कूलों में भी मिलेगा राजश्री योजना का लाभ
2016 के बाद जन्मी बेटी को पहली क्लास में प्रवेश लेने पर मिलेंगे 4 हजार रुपए
बेटियों के पहली क्लास में प्रवेश लेने पर मिलेगी प्रोत्साहन राशि, अब तक अस्पताल में जन्म लेने पर ही मिल रही थी राशि
बूंदी. मुख्यमंत्री राजश्री योजना अब चिकित्सा विभाग की तर्ज पर शिक्षा विभाग में भी शुरू कर दी है। बालिका शिशु मृत्यु दर में कमी लाने व स्कूलों में नामांकन एवं ठहराव बढ़ाने को लेकर के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है। अब तक राजश्री योजना में बेटियों के जन्म पर अस्पतालों में ही लाभ दिया जा रहा था, लेकिन अब इस योजना को शिक्षा विभाग से भी जोड़ दिया गया है। इससे न केवल बेटियों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे भी बढ़ेगी। शिक्षा विभाग ने आवेदन लेने शुरू कर दिए हैं। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किए हैं।
चिकित्सा विभाग से बेटी जन्म एवं 1 साल बाद टीकाकरण पर 2500-2500 रुपए की दो किस्त हासिल करने वाली बेटियों को अब तीसरी किस्त सरकारी स्कूल की पहली क्लास में दाखिले पर मिलेगी। तीसरी से लेकर छठी किस्त अब स्कूल शिक्षा के आधार पर दी जाएगी। पहली क्लास में प्रवेश पर तीसरी किस्त के 4000, छठी में प्रवेश लेने पर चौथी किस्त के 5000, दसवीं क्लास में पांचवी किस्त के 11 हजार एवं 12वीं पास करने पर 25 हजार छठी किस्त के रूप में मिलेगी।
यह योजना का उद्देश्य
योजना का उद्देश्य बेटियों के जन्म के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने, बालिका शिशु मृत्यु दर मे कमी लाने, स्कूलों में नामांकन एवं ठहराव बढ़ाने के लिए किया गया है। योजना में बेटियों को कुल 50 हजार रुपए मिलेंगे। इसमें पहली व दूसरी किस्त के पांच हजार रुपए चिकित्सा विभाग की अनुशंसा एवं तीसरी से छठी किस्त के 45 हजार रुपए संबंधित संस्था प्रधान की अनुशंसा पर मिलेंगे।
खाते में आएगी राशि
किस्तों का भुगतान बालिकाओंं के खाते में होगा। तीसरी किस्त के लिए भुगतान के लिए विभाग ने ऑनलाइन आवेदन शाला दर्पण पोर्टल पर अपलोड करने को कहा है। योजना 1 जून 2016 को लागू हुई थी। तीसरी किस्त के लिए विभाग ने पात्रता तय कर दी है। इसके लिए बेटियों का जन्म सरकारी अस्पताल या राज्य सरकार की संस्थागत प्रसव के लिए अधिकृत संस्थान में 1 जून 2016 या इसके बाद होना चाहिए। तीसरी से छठी किस्त तो उन्हीं बेटियों को मिलेगी, जो पहली एवं दूसरी किस्त से लाभांवित हो चुकी है।। योजना के तहत 2021-22 में पहली कक्षा में सरकारी स्कूल में प्रवेश लेने वाली बेटियां ही शामिल होगी।
ये है जरूरी
आदेश में बताया है कि वर्ष 2021-22 में सरकारी स्कूल में पहली कक्षा में प्रवेश लेने वाली बालिकाएं ही इसके लिए आवेदन कर सकेगी। निजी स्कूल की बालिकाओं को इसका फायदा नहीं मिलेगा। योजना का लाभ लेने के लिए पहली और दूसरी किस्त लेना भी जरूरी है, जिन बालिकाओं ने ऐसा नहीं किया है उनको तीसरी सहित आगे की किस्त का लाभ नहीं मिलेगा। इसके लिए शाला दर्पण पर ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी रखी गई है।
यों मिलेगी बेटियों को राशि
कक्षा देय किस्त राशि रुपए में
1 तीसरी किस्त पहली में प्रवेश पर 4000
6 चौथी किस्त छठी में प्रवेश पर 5000
10 पांचवी किस्त 10 में प्रवेश पर 11000
12 छठी किस्त 12 वीं क्लास पास पर 25000
मुख्यमंत्री राजश्री योजना के तहत बेटियों के सरकारी स्कूल की पहली क्लास में दाखिले पर शिक्षा विभाग से भी प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया है। इस संबंध में आवेदन भी मांगे है।
चंद्रप्रकाश राठौर, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (शैक्षिक प्रकोष्ठ),बूंदी
Published on:
21 Feb 2022 05:45 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
