16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bundi crime news : तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गर्भगृह में खून से लथपथ मिला

गेण्डोली थाना क्षेत्र के भैंसखेड़ा गांव के निकट मेज नदी के किनारे स्थित तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर के 55 वर्षीय पुजारी की बीती रात मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

2 min read
Google source verification

बूंदी

image

pankaj joshi

Feb 17, 2022

Bundi crime news : तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गर्भगृह में खून से लथपथ मिला

Bundi crime news : तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गर्भगृह में खून से लथपथ मिला

Bundi crime news : तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गर्भगृह में खून से लथपथ मिला
मेज और कुरेल नदी के संगम पर स्थित प्राचीन महादेव मंदिर, गेण्डोली थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी
बूंदी. गेण्डोली. गेण्डोली थाना क्षेत्र के भैंसखेड़ा गांव के निकट मेज नदी के किनारे स्थित तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर के 55 वर्षीय पुजारी की बीती रात मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुजारी का शव मंदिर के गर्भगृह में खून से लथपथ मिला। पुलिस अधिकारी बुधवार को मामले की पड़ताल में जुटे रहे।

पुलिस व पुजारी के परिजनों के अनुसार मेज और कुरेल नदी के संगम पर स्थित प्राचीन महादेव मंदिर पर पुजारी रमेश गोस्वामी देर रात खून से लथपथ मंदिर के गर्भगृह में पड़ा था। उसे तड़पते हुए पत्नी ने देखा। पत्नी देर तक नहीं आने पर तलाशते हुए मंदिर में पहुंची थी। पुजारी के पेट से खून निकलते हुए दिखाई पड़ा। तब ग्रामीणों को सूचना दी। यहां मंदिर की धर्मशाला में रामायण पाठ चल रहा था। सूचना पर गेण्डोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उसे बूंदी जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवाया। बुधवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंपा। थानाधिकारी बुधराम ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना पर बूंदी से एफएसएल टीम पहुंची और मंदिर परिसर का जायजा लिया। मौके से साक्ष्य जुटाए गए। मौके पर मिले हालातों की पुलिस ने फोटोग्राफी भी कराई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरीलाल भी दोपहर बाद वारदात स्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। उन्होंने आस-पास लोगों से जानकारी भी जुटाई। मामला संदिग्ध दिखाई पडऩे पर मौके से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।

टूटा शंख मिला, शिवलिंग पर लगा था खून
मंदिर के गर्भगृह से पुलिस को टूटा हुआ शंख मिला। शंख का हिस्सा आस-पास कहीं नहीं था। साथ ही शिवलिंग पर बड़ी मात्रा में खून लगा दिखा। जो खून से अभिषेक कर देने सा प्रतीत हुआ। खून शिवलिंग से गोमुखी तक बहा। पुलिस अब इसी एंगल पर मामले की जांच कर रही।

मंदिर समिति व पुजारी में चल रहा विवाद
पुजारी के बेटे ने बूंदी जिला चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर बताया कि उसके पिता का मंदिर समिति से विवाद चल रहा था। समिति से जुड़े लोग बीते कई दिनों से उन्हें मंदिर से बाहर निकलने के लिए प्रताडि़त कर रहे थे। दो दिन पहले भी समिति से जुड़े लोगों ने उनके सामानों को बाहर फेंक दिया था। मंगलवार को ही मंदिर परिसर में मंदिर समिति से जुड़े लोगों ने बैठक की थी। जिसमे मन्दिर परिसर स्थित आवास को खाली करने के प्रस्ताव लिए बताए। समिति के प्रस्तावों से पुजारी असंतुष्ट था।

पत्नी ने कहा : बाहर निकले थे
पुजारी की पत्नी विजय कंवर ने गेण्डोली थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात दोनों पति-पत्नी मंदिर परिसर में सो रहे थे। मंदिर में रामायण पाठ चल रहा था। रात करीब ग्यारह बजे रमेश मंदिर की ओर जाने की कहकर निकला। काफी देर तक नहीं आने पर तलाशते हुए पहुंची। आस-पास देखने के बाद गर्भगृह में पहुंची तो खून से लथपथ पड़ा दिखाई दिया। उसके पेट से काफी खून बह रहा था।

मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। एफएसएल ने नमूने लिए हैं। हालातों को बारीकी से जांचा गया है। फिर भी हर एंगल को ध्यान में रखकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
जय यादव, पुलिस अधीक्षक, बूंदी