video: जहरीला दाना खाने से नौ मोर, 17 डेकन, 6 कबूतर व एक तीतर की मौत
पोस्टमार्टम में पेट मे निकले दानों के लिए सेम्पल
नैनवां. उपखण्ड के रजलावता गांव में एक कुएं पर जहरीला दाना खाने से 9 राष्ट्रीय पक्षी मोरों व अन्य प्रजाति के 24 पक्षियों की मौत हो गई। मोर व पक्षियों के मरे होने की सूचना व वनकर्मी मौके पर पहुंचे। एक खेत मे नौ मोर, 17 डेकन, 6 कबूतर व एक तीतर मृत मिले। मौके से गेंहू के दाने भी जब्त किए है। पोस्टमार्टम में मृत मोरों व पक्षियों के पेट में गेंहू के दाने निकले है। जिनकी जांच के लिए सेम्पल लिए है। जहरीले दाने खाने से मौत की संभावना जताई है।
वनकर्मियों ने मृत मोरों व अन्य पक्षियों को एकत्रित किया। मंगलवार सुबह कुएं के मालिक का आदोलिया कमल गेंहू के खेत मे सिंचाई करने पहुंचा तो कुएं पर खेत में मोर व अन्य पक्षी मरे मिले जो छितराए पड़े थे। कुएं के मालिक बाबूलाल ने वनविभाग के नैनवां रेंज कार्यालय को सूचना दी। सूचना पर वनपाल विपिन शर्मा, रमेशचंद, रामावतार व हेमराज मौके पर पहुंचे। मृत पड़े मोरों व अन्य पक्षियों को एकत्रित कर जब्त किया और पोस्टमार्टम के लिए नैनवां रेंज कार्यालय पर लेकर आए।
मौके से गेंहू के दाने जब्त किए
वनपाल विपिन शर्मा ने बताया कि रजलावता गांव के एक खेत में 9 मोर, 17 डेकन, 6 कबूतर व एक तीतर मृत मिले है। जिनका देई पशु चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाया है। मोरों व अन्य पक्षियों के पेट मे गेहंू के दाने निकले है। जिस खेत में मोर व अन्य पक्षी मृत मिले थे उसके पास ही एक चबूतरे से गेहूं के कुछ दाने जांच के लिए जब्त किए है।