करवर. कस्बे सहित क्षेत्र के गांवो में शुक्रवार शाम को तेज बरसात व हवा से लाखेरी से आ रही 33 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया। जिससे करवर, तलवास व जरखोदा ग्रिड से जुड़े फीडरों की बिजली शुक्रवार शाम को करीब 8 बजे से शनिवार सुबह 11 बजे तक भी गुल है। जिससे करीब 30 गांवो के ग्रामीणों को रात अंधेरे में बितानी पड़ी। बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।
बरसात व तेज हवा से लाखेरी से आ रही विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया। इस वजह से क्षेत्र के करीब 30 गांव अंधेरे में रहे। विद्युत कर्मियों ने रात को विद्युत लाइन में फाल्ट ढूंढने की कोशिश की, लेकिन विद्युत लाइन का फाल्ट नही मिला। शनिवार सुबह विद्युतकर्मी विद्युत लाइन की खामी को दूर करने पहुंचे। विद्युत लाइन में आ रहे फॉल्ट को दूर करने की कोशिश जारी है। लगातार 15 घण्टे बिजली बंद रहने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। बिजली व्यवधान से नलकुल बन्द रहे। ग्रामीणो को पेयजलापूर्ति नही हो सकी। विद्युत कर्मियों ने बताया कि फाल्ट को दूर करने की कोशिश की जा रही है जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।