केशवरायपाटन. धार्मिक नगरी मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न शहरों गांव से कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां प्राप्त 2:30 बजे भगवान केशव राय जी महाराज के मंदिर पर शंखनाद के बाद श्रद्धालुओं ने स्नान करना शुरू किया। स्नान के बाद मंगला आरती में हिस्सा लिया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालु स्नान करते भगवान के दर्शन कर रहे हैं। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए केशव भक्तों ने अलग-अलग स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर धार्मिक नगरी में सुबह से दोपहर तक 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चंबल नदी में डुबकी लगाई। यहां यह सिलसिला मंगला आरती से शयन आरती तक जारी रहेगा। कस्बे में आयोजित 15 दिन से कार्तिक मेले का उद्घाटन सोमवार रात को राज्य मंत्री अशोक चांदना ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक सीएल प्रेमी ने की। यहां पर केशव रंगमंच पर वृंदावन की रासलीला का मंचन किया जा रहा है। कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण के अवतार की लीला का मंचन किया।